आग की चपेट में आकर आधा दर्जन घर जले

फोटो- 10 जमुई- 22,23

- खुले आसमान के नीचे आ गए कई परिवार
- अनाज, कपड़ा, जेवरात सहित अन्य सामान जलकर राख
- लाखों का नुकसान हुआ, जिलाधिकारी से सहायता की मांग
संवाद सूत्र, झाझा (जमुई): थाना क्षेत्र के डोमय गांव में आग की चपेट में आने से आधा दर्जन घर जलकर राख हो गया। घर का सारा सामान जल गया। सभी घर फूस एवं खपड़ैल के थे। खाना बनाने के दौरान आग लगने की बात कही गई। एक दर्जन किसान को लाखों का नुकसान पहुंचा है। पुलिस को सूचना मिलते ही अग्निशामन वाहन को घटनास्थल पर भेजा तब जाकर आग पर काबू पाया जा सका। इस घटना से कई परिवार खुले आसमान के नीचे आ गए हैं। आग की लपट इतनी तेज थी कि एक के बाद एक छह घर इसकी चपेट में आ गया। मिनटों में आशियाना राख में बदल गया। बताया जाता है कि गांव के प्रकाश यादव के घर से आग की लपट निकलनी प्रारंभ हुई जो दिनेश यादव, नरेश यादव, रविद्र यादव, अरविद यादव, नवीन यादव, मिथिलेश यादव, विवेश यादव के अलावा संजय यादव, देवेंद्र यादव एवं संतोष यादव के घर को अपने आगोश में ले लिया और घर एवं कमरा में रखा कपड़ा, अनाज, पैसा, जेवरात, बर्तन, लकड़ी आदि सामान जल गए। इस दौरान गांव के ग्रामीणों ने आग को बुझाने का काफी प्रयास किया लेकिन आग की लपटें इतनी तेज थी कि एक के बाद एक घर को अपने चपेट में लेती चली गई। पीड़ित किसान के घर एक-दूसरे में सटा हुआ था। इस दौरान घर के सदस्यों एवं मवेशियों को काफी मशक्कत से बाहर निकाला जा सका। पीड़ित किसान के स्वजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। मुखिया प्रतिनिधि पंकज यादव एवं पूर्व पंचायत समिति सदस्य मनोज यादव ने बताया कि आग में एक दर्जन परिवार को नुकसान पहुंचा है। इस मामले में अंचलाधिकारी एवं थानाध्यक्ष को अवगत कराया गया है। किसानों के क्षति के मुआवजे के लिए थाना में लिखित सूचना दी जाएगी। साथ ही उन्होंने जिलाधिकारी से पीड़ित परिवार को अनाज एवं आर्थिक सहायता प्रदान करने की मांग की। थानाध्यक्ष राजेश शरण ने घटना की पुष्टि करते हुए अग्निशामन वाहन भेजने की बात कही।

अन्य समाचार