पुलिस से नजदीकी की शक में गई अकबर की जान

संवाद सूत्र, चंद्रमंडी (जमुई): पोस्टमारा पहाड़ी के समीप बीते रविवार की दोपहर अकबर अंसारी की हत्या मामले में मृतक के पिता लिखो मियां ने गांव के ही 11 लोगों पर केस दर्ज कराया है। इसमें तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है। अकबर अंसारी की हत्या मामले को इलाके के लोग उसके पुलिस से बढ़ती नजदीकियों से जोड़कर देख रहे हैं। हालांकि पुलिस के अधिकारियों ने इस बारे में कुछ भी नहीं कहा है। लेकिन इलाके में चर्चा है कि पिछले एक सालों में इलाके में पुलिस के बढ़ते मूवमेंट के लिए बालू सहित अन्य कारोबार से जुड़े लोग अकबर को जिम्मेवार मान रहे थे। करीब एक माह पूर्व जब पुलिस ने गुरुड़बाद इलाके से बालू लदे एक ट्रैक्टर के साथ दो लोगों को गिरफ्तार किया था तब भी शक की सुई अकबर पर गई थी। और कहा जाता है कि तब अकबर को जान मारने की धमकी भी मिली थी। जिस बात की पुष्टि उसके पिता लिखो मियां ने भी की है। इलाके में सक्रिय बालू तस्कर , जंगली लकड़ियां काटने वाले गिरोह के लोगों को लगता था कि अकबर के कारण इलाके में पुलिस का मूवमेंट बढ़ा है। इसी कारण अकबर उन लोगों के आंखों की किरकिरी बन गया था। यही कारण है कि अपनी सुरक्षा को लेकर अकबर गुरुबाद छोड़कर भेलवाघाटी थाना के रमनीटांड़ में घर बनाकर रह रहा था। इलाके में लोग दबी जुबान चर्चा करते देखे गए कि पिछले कुछ समय से अकबर अंसारी की करीबी पुलिस से काफी बढ़ गई थी। दर्ज केस में मृतक के पिता ने कहा है कि दो सखुआ पहाड़ी के समीप घात लगाए नामजद लोगों ने लाठी और टांगी से मारपीट कर मेरे बेटे की जान ले ली। पूर्व में भी उन लोगों ने हत्या की धमकी दी थी। जिसको उन लोगों ने गंभीरता से नहीं लिया।


अन्य समाचार