अमित को जान देकर चुकानी पड़ी प्यार की कीमत



संसू., पीरी बाजार (लखीसराय) : कजरा थाना क्षेत्र के मंझियांवा गांव के अमित कुमार उर्फ गुड्डू को प्यार की कीमत चुकानी पड़ी है। उसकी हत्या गांव में रविवार देर शाम गोली मारकर कर दी गई। वह गांव की रहने वाली अंतर जातीय अराधना नाम की लड़की से प्यार करता था। प्यार इस कदर परवान चढ़ा कि दोनों ने शादी कर ली। लड़की के स्वजनों को यह मंजूर नहीं था। लड़की के स्वजनों ने दबाव बनाकर एक समझौते के तहत दोनों को अलग कर दिया एवं लड़की को कोलकाता में शिफ्ट कर दिया। बावजूद इसके दोनों का प्यार एक दूसरे के प्रति कम नहीं हुआ था। अमित बार-बार लड़की को अपने घर लाने का प्रयास करता रहा और लड़की के स्वजन इसका विरोध करते रहे। ----

लड़की की कहीं और होने वाली थी शादी
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार लड़की के स्वजनों ने उसकी शादी कहीं और तय कर रखी थी। इसकी जानकारी अमित को उसकी प्रेमिका के माध्यम से मिल चुकी थी। इसके बाद अमित ने लड़के वालों से संपर्क करके उन्हें यह बता दिया कि लड़की से उसने पहले ही शादी कर ली है। अमित का यह कृत्य लड़की वालों को नागवार गुजरा एवं इसकी हत्या करने की ठान ली। इसके बाद रविवार को घटना को अंजाम दिया गया। ---
अमित हर दिन जाता था मंदिर
अमित कुमार गांव में अकेले रहता था। पिता अवधकिशोर सिन्हा लखीसराय में कातिब का काम करते हैं। पिता के साथ वह भी यह काम करता था। वह प्रत्येक दिन संध्या एक निश्चित समय पर गांव में तालाब के पास स्थित मंदिर जाया करता था। हत्यारे को इसकी जानकारी मिल जाने के बाद घटना को अंजाम देने की साजिश कर घटना को अंजाम दिया गया।

अन्य समाचार