देवघर में दिए गए पीएम की सौगात से पूर्वी भारत का होगा विकास : खेमका

जागरण संवाददाता, पूर्णिया। भारतीय अर्थव्यवस्था प्रधानमंत्री के नेतृत्व में नित नई ऊंचाई को छू रहा है। देश की जीडीपी में निरंतर वृद्धि से देश की अर्थव्यवस्था उड़ान भर रही है। उक्त बातें विधायक विजय खेमका ने कही। प्रधानमंत्री के झारखंड के देवघर से 16 हजार करोड़ की योजनाओं का शिलान्यास व उद्घाटन किए जाने का विधायक विजय खेमका ने स्वागत किया तथा इसे देश के हित के लिए बड़ा कदम बताया। कहा कि ये परियोजना भले ही झारखंड से शुरू हो रही है, लेकिन इनसे बिहार और पश्चिम बंगाल के भी अनेक क्षेत्रों को सीधा लाभ होगा। यानि ये परियोजनाएं पूर्वी भारत के विकास को भी गति देगा।


विधायक ने कहा कि वर्ष 2014 में देश को प्रधानमंत्री का नेतृत्व मिला और आठ वर्षों में ही विकास के नए नए अध्याय लिखे जाने लगे। विधायक ने कहा कोरोना काल में बड़ी बड़ी अर्थव्यवस्था धराशायी हो गयी है। वही भारत इस आपदा को अवसर में बदलने में सफल रहा। प्रधानमंत्री ने वोकल फार लोकल का मंत्र देकर देश की अर्थव्यवस्था में नाई जान फुकने का कार्य किए। देश को आत्मनिर्भर बनाने का मंत्र दिया, जिससे कोरोना काल में देश के विभिन्न स्थानों पर स्टार्टअप शुरू हुआ। इससे देश में चमत्कारी नतीजे मिले। विधायक ने कहा भारत में अर्थव्यवस्था की गतिशीलता के कारण देश में चहुमुखी विकास हो रहा है। आजादी के 75 वर्ष बाद देश के किसी प्रधानमंत्री का पहली बार बिहार विधान सभा परिसर में आगमन हो रहा है। कहा कि शताब्दी वर्ष समापन समारोह में आगमन पर सदर प्रधानमंत्री का हार्दिक स्वागत अभिनंदन किया जाएगा। प्रधानमंत्री बिहार विधान सभा परिसर में शताब्दी स्मृति स्तंभ का अनावरण करेंगे।।

अन्य समाचार