19 को खगड़िया में लगेगा किसानों का जमघट, दिए जा रहे न्यौते

जागरण संवाददाता, खगड़िया : 19 जुलाई को प्रसिद्ध किसान नेता राकेश टिकैत खगड़िया आ रहे हैं। उनके आगमन को लेकर बिहार किसान मंच की ओर से व्यापक तैयारी की जा रही है। किसानों के जत्थे गांव-गांव, टोले-टोले में जाकर किसानों को आमंत्रण दे रहे हैं। मंच के बिहार प्रदेश अध्यक्ष धीरेंद्र सिंह टुडू कहते हैं- राकेश टिकैत की सभा ऐतिहासिक होगी। दूर-दूर से किसान उन्हें सुनने आएंगे।

किसानों का जमावड़ा ऐतिहासिक होगा। टुडू ने किसानों को आमंत्रण देते हुए कहा कि आज अन्नदाता संकट में हैं। केंद्र और राज्य सरकार की नीतियां किसान विरोधी है। सुखाड़ के कारण किसान खेतों में धान की रोपणी नहीं कर पा रहे हैं। बिचड़े सूख रहे हैं। लेकिन सुशासन की सरकार सोई हुई है। खगड़िया की प्रसिद्धि मक्का उद्योग को लेकर है। लेकिन यहां मक्का आधारित उद्योग नहीं है। जनप्रतिनिधि भी इस ओर से उदासीन हैं। प्रिस्टीन मेगा फूड पार्क हाथी का दांत बनकर रह गया है। इसलिए किसानों को संगठित होने की जरूरत है। संगठित होकर ही हम अपना हक पा सकते हैं। उन्होंने कहा कि 19 जुलाई को किसानों का जमघट तस्वीर बदलने का काम करेगा।
19 को खगड़िया में लगेगा किसानों का जमघट, दिए जा रहे न्यौते यह भी पढ़ें
किसानों के जत्थे ने खगड़िया सदर प्रखंड के माथार, चम्मन टोल, बरखंडी टोल, रहीमपुर, मोरकाही, बछौता, मथुरापुर आदि का भ्रमण किया। इस दौरान 19 जुलाई को किसानों से खगड़िया आने का आह्वान किया गया। कहा गया कि आप ट्रैक्टर से, बैलगाड़ी से, घोड़ागाड़ी से, साइकिल से खगड़िया पहुंचे और किसान नेता राकेश टिकैत को सुनें। किसान नेताओं ने कहा कि स्थानीय समस्याओं को लेकर भी मंथन होगा। गैर मजरुआ जमीन, टोपोलैंड की जमीन पर भी चर्चा होगी।
किसान संपर्क यात्रा में अनिल कुमार यादव, सूर्य नारायण वर्मा, साधु शरण यादव, शंभु यादव, विकास यादव, उदय यादव, टुनटुन यादव, पागो तांती आदि मौजूद थे।

अन्य समाचार