दूसरे दिन भी पुलिस शव और बच्चे की नहीं कर सकी बरामद

संवाद सूत्र, परबत्ता (खगड़िया) : थाना क्षेत्र के करना गांव में बीते मंगलवार को विवाहिता की हत्या कर शव के साथ उसके बच्चे को गायब किए जाने के मामले में दूसरे दिन भी पुलिस के हाथ खाली है। इस मामले में परबत्ता पुलिस दूसरे दिन भी न तो विवाहिता के शव की बरामदगी कर सकी है और न ही उसके बच्चे का पता ही लगा सकी है। मृतक महिला बबीता देवी के मायके वाले बच्चे की बरामदगी को लेकर परेशान हैं। उनके अनुसार बबीता की हत्या कर लाश को गायब कर दिया गया है। सात वर्षीय मासूम को भी गायब कर दिया गया है। न जाने वह किस हाल में होगा। इस मामले में मृतक की मां अलौली निवासी प्रमिला देवी ने परबत्ता थाना में आवेदन देकर अपनी पुत्री बबीता की हत्या कर शव को गायब करने के साथ मृतक के सात वर्षीय पुत्र को भी गायब करने का केस दर्ज कराया है। मामले में उन्होंने अपने दामाद संजीत सिंह, मृतिका के ससुर इंद्रदेव सिंह, सास तथा जेठ और जेठानी समेत कुल आधे दर्जन लोगों को आरोपित किया है। कहा गया है कि आरोपितों ने दहेज के लिए उसकी पुत्री की हत्या कर दी और उसके पुत्र को भी गायब कर दिया है। मृतिका के स्वजन ने यह भी कहा कि घटना से पहले भी दहेज को लेकर मारपीट की गई। हत्या के पूर्व भी मारपीट हुई है। जिसकी सूचना दी गई थी। थानाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार पाल ने बताया कि इस मामले में दहेज हत्या के तहत केस दर्ज कर मामले की छानबीन की जा रही है। शव व बच्चे की बरामदगी को लेकर लगातार छापेमारी की जा रही है। मृतिका के ससुराल वाले सभी लोग फरार हैं। आरोपितों की गिरफ्तारी को लेकर भी प्रयास हो रहा है। जल्द मामले का पर्दाफाश हो जाएगा।


अन्य समाचार