दहेज को लेकर विवाहिता को प्रताड़ित करने का आरोप, केस दर्ज

संसू, पलासी (अररिया) प्रखंड क्षेत्र के फरसाडांगी गांव में दहेज स्वरूप दो लाख रुपये सहित अन्य कीमती सामानों की मांग को लेकर पति सहित ससुराल वालों द्वारा प्रताड़ित करने व मारपीट किये जाने का मामला सामने आया है। इस मामले में पीड़िता बीबी महमूदा ने पलासी थाना में पति सहित 11 लोगों के विरुद्ध नामजद केस दर्ज करायी है। जिसमें पति मु. शहजाद, ससुर मु. बाबुल, सास बीबी मोमीना सहित अन्य लोगों को आरोपित किया गया है। घटना बीते 07 जुलाई की बतायी गयी है। विलंब से थाना

में सूचना का कारण इलाजरत होना बताया गया है। दर्ज मामले में पीड़िता ने उल्लेख किया है कि उनकी शादी करीब दो वर्ष पूर्व फरसाडांगी गांव के मु. शहजाद से मुस्लिम रीति रिवाज के तहत हुई थी। शादी के समय पिता द्वारा यथा संभव कीमती सामान उपहार स्वरूप दिया गया था। फिर भी निकाह के बाद पति सहित ससुराल वालों द्वारा दहेज स्वरूप दो लाख रुपये नकदी, मोटर साइकिल सहित अन्य कीमती सामानों के लिए प्रताड़ित किया जाने लगा। इसकी जानकारी उसने गोपालनगर गांव के अपने पिता तथा फरसाडांगी गांव की अपनी बहन को दिया। वे लोग ससुराल वालों को समझा - बुझाकर चले जाते। इस क्रम में बीते सात जुलाई को पति सहित ससुराल वालों द्वारा उक्त दहेज की मांग को लेकर अपशब्द का प्रयोग करने लगे। मना करने पर उक्त लोगों ने मारपीट शुरू कर दी। साथ ही जान से मारने की धमकी देने लगा। इसकी सूचना पर बचाने आयी फरसाडांगी गांव की उनकी बहन के साथ भी मारपीट शुरू कर दी। इस क्रम में जानलेवा प्रहार कर जख्मी कर दिया। साथ ही उक्त लोगों ने दोनों बहनों के जेबरात भी छीन लिया। किसी तरह लोगों ने उन दोनों को बचाया। तत्पश्चात सूचना पाकर पहुंचे उनके पिता ने अस्पताल में भर्ती कराया। इस संबंध में थानाध्यक्ष शिव पूजन कुमार ने बताया कि केस दर्ज कर पुलिस मामले की तहकीकात में जुट गयी है।

अन्य समाचार