खगड़िया-सोनमनकी पथ से गुजर रहे हैं तो संभल जाइए

जागरण संवाददाता, खगड़िया : खगड़िया से सोनमनकी तक जाने वाली सड़क चौड़ीकरण कार्य पीडब्ल्यूडी के द्वारा किया जा रहा है। जिसकी लंबाई 7.2 किलोमीटर है। जिसे बेगूसराय की वीणा कंस्ट्रक्शन बना रही है। सड़क के चौड़ीकरण का निर्माण कार्य बीते एक महीना से चल रहा है। संवेदक द्वारा पहले से निर्मित 12 फीट (3.57 मीटर) की बनी सड़क के दोनों किनारे मिट्टी की भराई कराई जा रही है। जिसमें नीचे से काली मिट्टी और ऊपर से बालू मिट्टी का प्रयोग किया गया है। बीते 20 दिनों से अधिक समय से सड़क के दोनों किनारे बालू मिट्टी डालकर छोड़ दिया गया है। ना तो संवेदक द्वारा इस पर पानी का छिड़काव किया जाता है और ना ही काम आगे बढ़ रहा है। वहीं वर्षा भी नहीं हो रही है। इस बीच सड़क से उड़ती धूल लोगों को परेशान किए हुए हैं। इस सड़क से गुजरने वाले राहगीर और सड़क के किनारे बसे लोग गाड़ी चलने के बाद उड़ने वाले धूल के गुबार से परेशान हैं। सूर्य मंदिर चौक से रोज वर्ड एकेडमी तक सघन आबादी बसी हुई है। इसे आवागमन करने में परेशानियों का सामना करना पड़ता है। इससे लोगों की सेहत पर भी असर पड़ रहा है। धूल के इंफेक्शन के चलते लोगों में सांस की तकलीफें बढ़ रही है। स्थानीय लोगों द्वारा अनुमंडल पदाधिकारी सहित पीडब्लूडी के कार्यपालक अभियंता और स्थानीय थाने को लिखित रूप से आवेदन दिया गया है। पानी का छिड़काव करने की मांग की गई है। वहीं स्थानीय लोगों ने जल्द ही इसके निदान नहीं होने पर आंदोलन की भी संकेत दिए हैं। लगभग 13 करोड़ की लागत से सोनमनकी पथ का किया जा रहा चौड़ीकरण



खगड़िया से सोनमनकी तक जाने वाली सड़क चौड़ीकरण कार्य पथ निर्माण विभाग के द्वारा कराया जा रहा है। जिसकी लागत लगभग 13 करोड़ है। पहले यह सड़क 12 फीट (3.57 मीटर) की थी। जो वन वे थी। लेकिन शहर का विस्तार होने के बाद इस सड़क पर दबाव बढ़ने लगा। वहीं सघन आबादी और बाजार समिति होने के कारण सड़क के चौड़ीकरण की आवश्यकता हो गई। वहीं चौड़ीकरण होने का एक और कारण सोनमनकी से शुगरकोल के रास्ते सहरसा जाने वाली सड़क का निर्माण हो जाना है। इस सड़क के निर्माण हो जाने से फरकिया के करीब पांच दर्जन से अधिक गांव खगड़िया मुख्यालय से सीधे रूप से जुड़ जाएंगे। बता दें कि फरकिया का जिला मुख्यालय से जुड़ने के बाद इस सड़क पर दबाव तीन गुने अधिक हो जाएगा। जिसका मुख्य कारण मक्के का व्यवसाय है। किसान सीधे मक्के को रेक प्वाइंट तक पहुंचाने लगेंगे। जिसको लेकर पथ निर्माण विभाग द्वारा सड़क का चौड़ीकरण किया जा रहा है। अब खगड़िया सोनमनकी पथ की चौड़ाई करीब 22 फीट की हो जाएगी। सात मीटर से अधिक चौड़ी इस सड़क पर आवागमन में सुविधा मिलेगी। वहीं जाम से छुटकारा मिलेगा।
पथ निर्माण विभाग के कार्यपालक अभियंता सुनील कुमार ने बताया कि सड़क चौड़ीकरण को लेकर काम युद्ध स्तर पर चल रहा है। 10 से 15 दिनों में धूल की समस्या दूर हो जाएगी। अगर मिट्टी पर पानी का छिड़काव किया जाता है तो पहले से जो निर्मित सड़क है वह टूटने लगेगी। संवेदक द्वारा मिट्टी को एडजेस्ट होने के लिए छोड़ा गया है, ताकि सड़क मजबूत हो सके।

अन्य समाचार