अधिक मानदेय लेने वाली दोनों सेविकाओं से मांगा स्पष्टीकरण

संसू, सत्तरकटैया (सहरसा) : अधिक मानदेय लेने के मामले में सीडीपीओ ने मिनी आंगनबाड़ी केंद्र की दो सेविकाओं से स्पष्टीकरण मांग है। साथ ही पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

मिनी केंद्र संख्या 161 साह टोला पटोरी की सेविका डोली कुमारी और मिनी केंद्र संख्या 169 मंझौल की सेविका निशा कुमारी द्वारा विगत कई वर्षों से अधिक मानदेय राशि का उठाव किया जा रहा है।
इस मामले को लेकर सेविका से पूछे गए स्पष्टीकरण में सीडीपीओ ने कहा है कि विगत कई वर्षों से विभाग द्वारा निर्धारित मानदेय से अधिक राशि का उठाव करते रहने एवं इसकी जानकारी कार्यालय को नहीं देना विभाग के साथ धोखाधड़ी करना प्रतीत होता है। बताया जाता है कि बाल विकास परियोजना के तहत संचालित मिनी आंगनबाड़ी केंद्र एवं अतिरिक्त आंगनबाड़ी केंद्र को मिलने वाली आवंटित राशि में दोगुने का अंतर है। इसी अंतर के कारण ही मिनी आंगनबाड़ी केंद्र की सेविका का मानदेय भी अतिरिक्त केंद्र के सेविका के मानदेय से कम रहती है। बावजूद दो मिनी आंगनबाड़ी केंद्र की सेविका अपने मानदेय राशि से अधिक अतिरिक्त केंद्र की सेविका के मानदेय के बराबर राशि का उठाव विगत कई वर्षों से करते आ रही है। इस मामले का पहली बार उजागर केंद्र संख्या 123 अतिरिक्त केंद्र की सेविका ललिता देवी ने किया था। मामला उजागर होने पर उनके केंद्र को सरकारी नियमानुसार राशि भेजी जाने लगी, लेकिन मिनी केंद्र संख्या 161 साह टोला पटोरी की सेविका डोली कुमारी और मिनी केंद्र संख्या 169 मंझौल की सेविका निशा कुमारी पर अंकुश नहीं लगाया गया। परिणाम स्वरूप इन दोनों मिनी केंद्र की सेविका को अतिरिक्त केंद्र की सेविका को मिलने वाली मानदेय राशि का भुगतान जारी रहा।

इसी मामले को दैनिक जागरण ने प्रमुखता से प्रकाशित किया था। इस खबर के प्रकाशन के बाद विभाग हरकत में आई और मामले की जांच शुरू हुई।
-------------
कोट
मामला संज्ञान में आते ही दोनों सेविका से स्पष्टीकरण पूछा गया है। सेविका द्वारा ली गई अधिक मानदेय राशि वसूल की जाएगी।
भारती झा, बाल विकास परियोजना पदाधिकारी, सत्तरकटैया।

अन्य समाचार