सिमुलतला विद्यालय में नामांकन की प्रक्रिया शुरू, चार अगस्त तक करें आवेदन

समस्तीपुर। सिमुलतला आवासीय विद्यालय की छठी कक्षा में सत्र 2023-24 में दाखिले के लिए आनलाइन आवेदन की तिथि जारी कर दी गई है। 4 अगस्त तक नामांकन के लिए आवेदन लिया जाएगा। जिला शिक्षा पदाधिकारी मदन राय ने सभी बीईओ को बिहार बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर देख इसे संबंधित विद्यालयों को सूचित करने को कहा है। अभ्यर्थी आनलाइन आवेदन भी कर सकते हैं। आनलाइन आवेदन के लिए पांचवीं कक्षा में पढ़ाई कर रहे छात्र-छात्राएं पात्र होंगे। इसके आवेदन के लिए सामान्य वर्ग, आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग, अत्यंत पिछड़ा वर्ग एवं पिछड़ा वर्ग के छात्र-छात्राओं को 200 रुपये आनलाइन जमा करने होंगे। अनुसूचित जाति व अनुसूचित जनजाति के लिए 50 रुपया निर्धारित किया गया है। इसमें सफल बच्चों का कक्षा छह में नामांकन लिया जाएगा।


नामांकन की पात्रता
एक अप्रैल, 2023 को आवेदक की न्यूनतम उम्र आयु 10 तथा अधिकतम 12 वर्ष होनी चाहिए। विद्यार्थी राज्य के किसी मान्यता प्राप्त स्कूल में पांचवीं कक्षा में अध्ययनरत होना चाहिए। प्रवेश परीक्षा दो चरणों में आयोजित की जाएगी। 20 अक्टूबर को प्रारंभिक परीक्षा होगी। इसमें क्वालीफाई छात्र 22 दिसंबर को आयोजित मुख्य परीक्षा में शामिल होंगे। मुख्य परीक्षा में सफल छात्र-छात्राओं का स्वास्थ्य परीक्षण भी कराया जाएगा। ढाई घंटे की होगी पीटी व मुख्य परीक्षा
विद्यालय में नामांकन के लिए पीटी व मुख्य परीक्षा का आयोजन किया जाएगा। पीटी में सफल छात्र मुख्य परीक्षा में शामिल होंगे। दोनों परीक्षा ढाई-ढाई घंटे की होंगी। जिला मुख्यालय में परीक्षा के केंद्र बनाए जाएंगे। पीटी 150 व मुख्य परीक्षा 300 अंकों की होगी। परीक्षा के आधार पर कुल 120 छात्र-छात्राओं का नामांकन होगा। इसमें छात्र-छात्रा की संख्या क्रमश: 60-60 होगी। इस परीक्षा में शामिल होने के लिए छात्रों की उम्र सीमा 10 से 12 वर्ष के बीच होनी चाहिए। उनका बिहार से होना अनिवार्य है।
प्रारंभिक परीक्षा में होंगे वस्तुनिष्ठ प्रश्न
प्रारंभिक परीक्षा में 150 वस्तुनिष्ठ प्रश्न पूछे जाएंगे। प्रत्येक सवाल एक अंक का होगा। इसमें 150 अंकों के प्रश्न पूछे जाएंगे। इसमें हिदी से 30 अंक, विज्ञान से 25, सामाजिक विज्ञान से 25, गणित से 40 व अंग्रेजी से 30 अंक के प्रश्न पूछे जाएंगे। मुख्य परीक्षा में 300 अंक के प्रश्न पूछे जाएंगे। प्रथम पाली की परीक्षा में 100 अंकों के गणित के प्रश्न होंगे। इसके अलावा 50 अंकों के बौद्धिक क्षमता से प्रश्न पूछे जाएंगे। दूसरी पाली में भी 150 अंकों के प्रश्न पूछे जाएंगे। इसमें हिन्दी, अंग्रेजी, विज्ञान से 40-49 अंक के प्रश्न एवं सामाजिक विज्ञान से 30 अंक के प्रश्न होंगे। सिमुलतला में कोटि अनुसार आरक्षित सीटें :
कोटि : छात्र-छात्रा
सामान्य : 24-24
अनुसूचित जाति : 11-09
आर्थिक रूप से कमजोर : 06-06
पिछड़ा वर्ग : 07-07
अत्यंत पिछड़ा वर्ग : 11-11
पिछड़ा वर्ग में महिला बीसी: 00-02

अन्य समाचार