ससुराल वालों ने नवविवाहिता को जहर खिलाकर कर दी हत्या

मधुबनी । पंडौल थाना क्षेत्र के पंडौल पूर्वी पंचायत के धौस गांव के सुभाष झा की 19 वर्षीया पत्नी अलका कुमारी को ससुराल वालों ने मौत की नींद सुला दिया। बीते शनिवार की रात ससुराल वालों ने नवविवाहिता अलका को पहले मारा पीटा फिर जहर खिला दिया। जब उसकी हालत बिगड़ने लगी तो इलाज के लिए उसे दरभंगा के पारस अस्पताल में भर्ती कराकर सब फरार हो गया। इससे उसकी मौत हो गई। रविवार की सुबह मृतका के मायके वालों को इसकी जानकारी मिली। इसके बाद मायके वाले पारस अस्पताल पहुंचे। मायके वालों ने तत्काल इस घटना की सूचना बेंता पुलिस को दिया। फर्दबयान दर्ज कराते हुए शव का पोस्टमार्टम कराया।


दरभंगा जिला के चतरा निवासी अनिल कुमार चौधरी के पुत्र अनिकेत चौधरी ने बताया कि उनकी बहन अलका कुमारी की शादी बीते पांच नवंबर को धौस निवासी हेमकांत झा के बेटे सुभाष झा से हुई थी। सुभाष झा हरिपुर चौक पर दुकान चलाता है। शादी में अपनी हैसियत के अनुसार मायके वालों ने उपहार दिया था। लेकिन, शादी के बाद से ही मृतका के पति सुभाष झा, ससुर हेमकर झा, सास, जेठ प्रकाश झा, जेठानी, ननद मेनका झा सहित अन्य नगद रुपया सहित बाइक की मांग करने लगे। मांग नहीं पूरी होने पर आए दिन अलका को गाली गलौज व मारपीट करने लगे थे। इस बीच मधुश्रावणी के पर्व को लेकर मृतका को मायका जाना था। लेकिन ससुराल वाले रुपए व बाइक नहीं मिलने के कारण उसे मायका नहीं जाने दिए। वे लोग उसे किसी से फोन पर बात भी नहीं करने देते थे। रविवार कि सुबह मृतका के मायके वालों को घटना की जानकारी मिली तब सभी दरभंगा अस्पताल पहुंचे। जहां मृतका के शव को छोड़ उसके ससुराल वाले पहले ही फरार हो चुके थे। मृतका के भाई अनिकेत चौधरी ने बताया कि मृतका के शरीर पर काफी चोट के निशान हैं। संभवत: उन लोगों ने अपनी बात मनवाने के लिए उसे काफी मारा-पीटा हो और फिर जहर खिला कर उसकी हत्या कर दी है। मृतका एक भाई दो बहन थी। बहन में वह सबसे बड़ी थी। थानाध्यक्ष शंकर शरण दास ने बताया कि मृतका के भाई के द्वारा दरभंगा के बेता ओपी में फर्दबयान दिया गया है। फर्दबयान प्राप्त होते ही प्राथमिकी दर्ज कर अग्रेतर कार्रवाई की जाएगी।

अन्य समाचार