उम्मीदवार का नाम गलत छपने से रद हुआ अध्यक्ष पद का मतदान

संवाद सूत्र, मरौना (सुपौल) : प्रखंड अंतर्गत ई किसान भवन में मंगलवार की सुबह शुरू हुआ व्यापार मंडल का मतदान दो घंटे बाद बंद हो गया। इन दो घंटे में 27 मत पड़े थे। अध्यक्ष पद के उम्मीदवार वेद प्रकाश यादव ने आरओ से शिकायत की कि मेरे नाम में गड़बड़ी है जिसके बाद आरओ अभिमन्यु कुमार के द्वारा मिलान किया गया तो सत्य पाया गया जिसके बाद आरओ के द्वारा अध्यक्ष पद के लिए हो रहे मतदान को रोकते हुए रद कर दिया गया। सदस्य पद के लिए मतदान जारी रहा। इस बीच कुछ मतदाता सदस्य पद के लिए हो रहे मतदान का भी विरोध किया लेकिन आरओ नहीं माने और सदस्य पद के लिए मतदान जारी ही रखा। हालांकि अधिकांश मतदाता जब अध्यक्ष पद के लिए मतदान नहीं हुआ तो सदस्य पद के लिए भी वोटिग नहीं किए और वापस घर लौट गए। इधर आरओ ने बताया कि लिपिकीय भूल के चलते एक उम्मीदवार वेद प्रकाश यादव की जगह वेद प्रकाश भारती हो गया। उम्मीदवार द्वारा शिकायत करने के बाद अध्यक्ष पद के लिए हो रहे मतदान को रोक दिया गया और सदस्य पद के लिए मतदान कराया जा रहा है। मतदान केंद्र पर पहुंचे जगदीश मंडल, रामदेव यादव, चंदेश्वर साह, रामसुंदर मंडल, भोगीलाल यादव, सुखदेव मंडल, कारी यादव आदि का कहना था कि हमलोग मतदान करने आए थे लेकिन जब मतदान केंद्र पर पहुंचे तो बताया गया कि मतदान बंद हो गया तब वापस आ गए। बता दें कि यहां अध्यक्ष पद के लिए चार उम्मीदवार मैदान में थे जिसमें राज नारायण निराला, वेद प्रकाश यादव, चंदमोहन भारती एवं जनार्दन कामत शामिल थे।


अन्य समाचार