विवादित जमीन जोतने पर गोलीबारी

संसू, पतरघट (सहरसा) : ओपी क्षेत्र के किशनपुर पंचायत स्थित रही टोला बस्ती के वार्ड पांच में गुरूवार की सुबह एक एकड़ विवादित खेत को ट्रैक्टर से एक पक्ष द्वारा जोतने से आक्रोशित दूसरे पक्ष के लोगों ने उक्त खेत पर पहुंचकर दर्जनों राउंड फायरिग कर दहशत फैला दी। फायरिग होता देख किसान सहित सभी मजदूर जान बचाकर भाग निकलने में कामयाब रहे। घटना के बाबत पीड़ित किसान द्वारा पतरघट पुलिस को घटना के संबंध में सूचित किया गया।ओपी प्रभारी ज्ञानानंद अमरेंद्र के निर्देश पर विधि व्यवस्था प्रभारी उदय कुमार सिंह, एएसआई शशिधर सिंह पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे व छानबीन की। प्रत्यक्षदर्शी ग्रामीणों से घटना के संबंध में विस्तृत जानकारी लेते हुए फायर किया हुआ खाली की खोजबीन की लेकिन घटना स्थल के समीप से एक भी खोखा बरामद नहीं हुआ।


घटना के संबंध में स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि रही टोला बस्ती निवासी एक पक्ष के अशोक मंडल, धीरेंद्र मंडल, राजकुमार मंडल एवं दूसरे पक्ष के सुरमाहा बस्ती निवासी अरूण यादव, परमीत यादव, सुबन यादव एवं पवन यादव के बीच लगभग एक एकड़ से अधिक जमीन पर विवाद चल रहा है। उसी जमीन पर गुरुवार की सुबह एक पक्ष के अशोक मंडल सहित अन्य द्वारा धान रोपाई के उद्देश्य से ट्रैक्टर से खेत जोत किया जा रहा था। जिसकी जानकारी पाकर दूसरे पक्ष के लोगों द्वारा हथियार के साथ खेत पर पहुंचकर विरोध करते हुए अंधाधुंध फायरिग की गयी। अचानक फायरिग की घटना होते देख एक पक्ष के किसान सहित सभी मजदूर जान बचाकर भाग निकले। जबकि दो गोली ट्रैक्टर के इंजन में लगी हुई थी। पुलिस के पहुंचने एवं स्थानीय ग्रामीणों की भीड़ को आते देख सभी बदमाश मौके से भाग निकले।
घटना के बाबत पीड़ित किसान अशोक मंडल सहित अन्य ने बताया कि उक्त जमीन विवाद को लेकर जनता दरबार सहित जिले के उच्चाधिकारियों को लिखित आवेदन देकर समाधान की मांग की गयी थी। जनता दरबार में कागजी साक्ष्य के आधार पर फैसला हम लोगों के पक्ष में आया था। फिर सामाजिक स्तर पर भी फैसला हम लोगों के पक्ष में आया। बावजूद दूसरे पक्ष के लोगों द्वारा जबरदस्ती कब्जा का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने पतरघट पुलिस से मामले की विस्तृत जांच कर समुचित न्याय की गुहार लगाई है। इस बाबत ओपी प्रभारी ज्ञानानंद अमरेंद्र ने बताया की एक दर्जन राउंड हवाई फायरिग होने की बात सामने आयी है। हालांकि घटना स्थल से पुलिस को खोखा बरामद नहीं हुआ है। किसी भी पक्ष के द्वारा पुलिस को लिखित आवेदन नहीं दिया गया है। बावजूद पुलिस मामले पर नजर रख रही है। दोषियों पर कार्रवाई किए जाने की बात कही है।

अन्य समाचार