पूरा सावन शिव भक्तों की सेवा में बीतता है प्रीतम का हर पल

संवाद सूत्र, परबत्ता (खगड़िया): सावन शिव का माह है। यह माह कांवरियों की सेवा का है। मान्यता है कि इस माह में कांवरियों की सेवा कर लोग पुण्य कमाते हैं। इसी क्रम में जिले के परबत्ता प्रखंड स्थित नौरंगा निवासी प्रीतम साह भर सावन कांवरियों की सेवा में दिन-रात एक किए रहते हैं। रविवार और सोमवार को तो सावन में उन्हें पलक मारने की फुसर्त नहीं रहती है। इन दो दिनों प्रसिद्ध अगुवानी गंगा घाट पर कांवरियों का मेला लगता है। बड़ी संख्या में कांवरिये यहां से गंगा पार कर सुल्तानगंज पहुंचते हैं। वहां से जल भरकर बाबाधाम को रवाना होते हैं। जबकि बड़ी संख्या में कांवरिये यहां से जल भरकर फुलेश्वरनाथ महादेव, तिलहेश्वर स्थान, सिंहेश्वर स्थान, मड़वा महादेव आदि जगहों के लिए रवाना होते हैं। इस दौरान जगह जगह शिविर लगाकर श्रद्धालु कांवरियों की सेवा करते हैं। नौरंगा निवासी प्रीतम साह सेवा की भावना से यहां से गुजरने वाले हर कांवरियों का ख्याल रखते हैं। जिन्हें जो जरूरत पड़ती है वह पूरा करते हैं। वे रास्ते की साफ सफाई में भी हाथ बंटाते हैं। कांवरियों को शुद्ध पेयजल, गर्म पानी, नींबू पानी आदि उपलब्ध कराते हैं। यह कार्य वे सिर्फ रविवार, सोमवार को ही नहीं, बल्कि हर दिन करते हैं। हां, अन्य दिनों कांवरियों की संख्या जरूर कम रहती है। वे कहते हैं- सेवा ही धर्म है। सेवा का फल कभी न कभी अवश्य मिलता है। हम सभी को सेवा में आगे आना चाहिए। उन्होंने कहा कि हर व्यक्ति को थोड़ा समय निकाल कर कांवरियों की सेवा अवश्य करनी चाहिए।


अन्य समाचार