गर्मी से मिली राहत, जलजमाव से बढ़ी परेशानी



संवाद सूत्र, महेशखूंट (खगड़िया): बीते दो दिनों में हुई वर्षा के बाद गर्मी से लोगों को राहत मिली है। शुक्रवार को भी वर्षा हुई। जिससे किसानों में भी हर्ष है। उनकी तपती खेत को थोड़ा राहत मिला। अब किसान धान के बिचड़े लगाने के साथ अन्य फसल की बुआई कर सकेंगे। वहीं वर्षा बाद जल जमाव के कारण लोगों की परेशानी बढ़ी भी है। महेशखूंट केशव चौक से पुरानी बाजार जाने वाली सड़क झील में तब्दील हो गई है। बाजार आने जाने वालों को पानी में चलकर आना जाना पड़ता है। केशव चौक पर आरईओ विभाग द्वारा निर्मित सड़क उंची है और बाजार प्रवेश करने वाली सड़क काफी नीचे है। वहीं जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण यहां जल जमाव है। बाजार होने के कारण उक्त सड़क पर लोगों व वाहनों की काफी आवाजाही होती है। जल जमाव के कारण लोगों को बाजार आने जाने में काफी परेशानी हो रही है। जिला परिषद योजना से इस चौक से नया बाजार होते हुए नाला रेलवे के गड्ढे तक बनाई गई है। परंतु नाला जाम रहने से यह बेकार पड़ा है। वहीं आसाम रोड चौराह के पास भी जल जमाव है। जिससे भी लोगों को परेशानी हो रही है।

अन्य समाचार