भूमि विवाद में भतीजे ने चाकू घोंप कर दी चाचा की हत्या, गिरफ्तार

मधुबनी । रहिका थाना क्षेत्र के जगतपुर गांव के बरैया टोल में भूमि विवाद में भतीजे ने चाचा की चाकू घोंप कर निर्मम हत्या कर दी। इस घटना से इलाके में सनसनी है। मृतक की पहचान गुलाब मुखिया (53) जगतपुर गांव के बरैया टोल निवासी के रूप में हुई है, जबकि आरोपी भतीजे की पहचान बजरंग मुखिया के रुप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, मृतक चाचा बरैया टोल के रास्ते अपने घर जा रहा था। इसी बीच मृतक के भतीजे ने दरिदगी की हद पार करते हुए इस घटना को अंजाम दे डाला। मृतक को अकेला पाकर पहले चाकू से पीछे से वार कर घायल कर दिया। उसके बाद मृतक घायल अवस्था में जमीन पर गिर गया तो उसको सामने से छाती पर चाकू से वार कर उसकी निर्मम हत्या कर दी। इस घटना को गांव की एक बच्ची ने देख लिया। बच्ची ने शोर मचाया तो लोग घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े। तब तक भतीजे ने अपने चाचा को चाकू मार कर गंभीर रुप से घायल कर दिया था। जख्मी चाचा को स्वजन गंभीर स्थिति में उठाकर सदर अस्पताल ले जाने लगे, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। बावजूद, स्वजन उसे लेकर सदर अस्पताल पहुंचे जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद स्वजन शव लेकर घर लौट आए। इधर, ग्रामीणों ने घटना की जानकारी रहिका थाना को दी। सूचना मिलते ही थाना पुलिस घटना स्थल पर पहुंची और छानबीन शुरू की। इस बीच ग्रामीणों के सहयोग से आरोपी को घेर कर गिरफ्तार कर लिया गया है। इस घटना से पूरे गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है। मृतक के स्वजन का रो-रो कर बुरा हाल है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। मृतक के स्वजन की ओर से आरोपी बजरंग मुखिया और उसकी मां के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई है। ग्रामीणों का कहना है कि आरोपी मानसिक रूप से विक्षिप्त है। रहिका थानाध्यक्ष अरुण कुमार ने बताया की हत्या के मामले में अनुसंधान किया जा रहा है।अनुसंधान के बाद ही हत्या के कारणों को बताया जा सकता है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है।


अन्य समाचार