स्वच्छ व संतुलित पर्यावरण बनाने में सामाजिक सहयोग जरूरी

संवाद सहयोगी, किशनगंज : पेड़-पौधे के बदौलत ही इस धरती पर जीवन संभव है। इन्हीं पेड़ पौधों द्वारा इस धरती के प्राणी को जीवनदायनी आक्सीजन की प्राप्ति होती है। इसलिए सभी समाज के सभी लोगों का कर्तव्य बनता है कि पौधरोपण अवश्य करें। यह बातें अभाविप के विभाग संयोजक अमित मंडल ने महिला कालेज में पौधरोपण करने के बाद कही।

उन्होंने कहा कि वृक्ष मित्र अभियान के तहत अभाविप के सदस्यों द्वारा महिला कालेज परिसर में पौधरोपण कर लोगों को स्वच्छ और संतुलित पर्यावरण बनाने का संकल्प दिलाया गया। अभियान का मकसद पौधरोपण कर जिला को इको जोन में परिवर्तित करना है। जिससे कि शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले लोगों के सहयोग से अधिक से अधिक पौधे लगाए जाए। महिला कालेज के डिग्री प्राचार्य अजय साह ने कहा कि वृक्ष मित्र अभियान की सफलता के लिए समाज के सभी लोगों का सहयोग जरूरी है। इस अभियान में महिला कालेज के प्रोफेसर और छात्राएं कम से कम पांच पौधे अवश्य लगाएंगे।

वहीं जिला संयोजक दीपक चौहान ने कहा कि पर्यावरण को सुरक्षित रखना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेवार है। इंसान को स्वस्थ और दीर्घायु जीवन जीने के लिए अधिक से अधिक पौधरोपण करना जरूरी है। जिससे कि इंसान अपने आने वाली पीढ़ी को संतुलित पर्यावरण का उपहार प्रदान कर सके। इस दौरान मुख्य रूप से इंटर खंड प्राचार्य प्रियंका आर्य, प्रोफेसर सुबोध कुमार, प्रोफेसर सुनील कुमार सिंह, प्रोफेसर मीना साह, प्रोफेसर लिपी मोदी और प्रोफेसर, देव मल्लिक, दीपक साह, मृत्युंजय कुमार और सोमू कुमार अभाविप के कई सदस्य सहित कालेज की छात्राएं मौजूद रही।

अन्य समाचार