अब नगर निगम कार्यालय में ही बनेंगे विभिन्न प्रमाणपत्र, खुलेंगे आरटीपीएस काउंटर

जागरण संवाददाता, पूर्णिया। नगर वासियों को अपना जाति, आय, आवास व अन्य प्रमाणपत्र अब नगर निगम कार्यालय में ही बन जाएंगे। इसके लिए उन्हें अब अंचल कार्यालय का चक्कर नहीं लगाना होगा। जल्द ही इसके लिए नगर निगम और नगर परिषद कार्यालय में आरटीपीएस काउंटर खोले जाएंगे। इस संबंध में सिटी मैनेजर शेखर प्रसाद ने पुष्टि करते हुए बताया कि कार्यप्रणाली को लेकर विभागीय निर्देश की प्रतीक्षा की जा रही है। विभागीय निर्देशानुसार जल्द ही यहां आरटीपीएस काउंटर खोला जाएगा जिसके बाद लोगों को इसका लाभ मिलने लगेगा।

विभाग ने दिया है दिशा-निर्देश

नगर निगम और नगर परिषद व नगर पंचायत में निवास करने वाले लोगों को अपना आवासीय, जाति, आय आदि प्रमुख प्रमाण पत्र के लिए प्रखंड व अंचल कार्यालय का चक्कर लगाना पड़ता है। सिर्फ मृत्यु प्रमाण पत्र जैसे दस्तावेज नगर निगम में बनते हैं। लेकिन अब सारे तरह के प्रमुख प्रमाण पत्र नगर निकाय कार्यालय में ही बनेंगे।
इस संबंध में नगर विकास आवास विभाग के प्रधान सचिव ने कार्यपालक पदाधिकारी को पत्र भेजकर आवश्यक दिशा निर्देश दिए हैं। सभी कार्यपालक पदाधिकारी को वीडियो कॉन्फ्रेंसिग के माध्यम से इसकी जानकारी भी दी है।
नगर विकास एवं आवास विभाग द्वारा सामग्री खरीदने के लिए पत्र नगर परिषद एवं नगर पंचायत में भेजकर आवश्यक दिशा निर्देश दिया गया है। वहीं उपलब्ध कर्मियों की स्थिति की जानकारी भी मांगी गई है। विडियों कांफ्रेसिग से मिले निर्देश बाद पूर्णिया नगर निगम में इसकी तैयारियां शुरू हो गई है और उम्मीद है कि अगस्त माह में आरटीपीएस काउंटर खोले जा सकते हैं। आरटीपीएस काउंटर खुलने से शहर के नागरिकों को कई प्रकार के प्रमाण पत्र बनवाने की सुविधा उपलब्ध होने लगेगी। शहरवासियों को बार-बार अंचल कार्यालय जाने से मुक्ति मिल जाएगी।
नगर निगम कार्यालय में शुरू है तैयारियां
नई व्यवस्था के तहत नगर निगम के साथ साथ नगर परिषद में भी आरटीपीएस काउंटर खोला जाना है। पूर्णिया नगर निगम के साथ बनमनखी व कसबा नगर परिषद में भी नए आरटीपीएस काउंटर खोले जाएंगे। इसके लिए
तैयारियां शुरू कर दी गई है। अगले महीने तक नगर निगम में आरटीपीएस सेवा शुरू हो जाने की उम्मीद है। इसके लिए विभाग से आवंटन प्राप्त हो गया है। कंप्यूटर, स्कैनर, प्रिटर, इंटरनेट सहित अन्य संसाधनों की खरीद सहित अन्य आवश्यक तैयारी की जाएगी। बता दें कि कंप्यूटर ऑपरेटर की प्रतिनियुक्ति बेलट्रॉन माध्यम से की जानी है। निर्धारित समय सीमा के अंदर कार्य प्रारंभ कर दिया जाएगा।
नगर वासियों को समय की होगी बचत
अभी जाति आवासीय आय और ईडब्ल्यूएस प्रमाण पत्र के लिए नगर निगम क्षेत्र के निवासियों को अंचल कार्यालय या अनुमंडल जाना पड़ता है। इसी तरह बनमनखी व कसबा नगर परिषद के लोगों को भी अंचल कार्यालय का चक्कर लगाना पड़ता था। शहर और ग्रामीण क्षेत्र दोनों के अभ्यर्थी एक ही आरटीपीएस काउंटर पर भीड़ लगाए रहते हैं। लोगों को कई कार्यालय के चक्कर लगाने से समय और पैसा दोनों का नुकसान होता था। लेकिन अब उन्हें सारे प्रमाण पत्र एक ही जगह से प्राप्त हो जाएंगे। कोट के लए
नगर निगम कार्यालय परिसर में ही विभिन्न प्रकार के प्रमाण पत्र बनाए जाएंगे। इस संबंध में निर्देश प्राप्त हुआ है। जल्द ही यहां आरटीपीएस काउंटर खोले जाएंगे। विभागीय निर्देशानुसार यहां प्रमाण पत्र बनाए जाएंगे जिससे नगर वासियों को अंचल कार्यालय का चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा।
शेखर प्रसाद, सिटी मैनेजर, नगर निगम, पूर्णिया

अन्य समाचार