दो दिनों से हो रही वर्षा ने सूख रहे खेतों को दी संजीवनी

जागरण संवाददाता, पूर्णिया। प्रवेश के बाद एक बार फिर मानसून सक्रिय हो गया है। दो दिनों से जारी वर्षा का क्रम रविवार को भी जारी रहा तथा सुबह से लेकर दोपहर तक अच्छी बारिश हुई। पूर्णिया मौसम केंद्र द्वारा पिछले 24 घंटे में 22 एमएम वर्षा रिकार्ड की गई है। जबकि जिले के पूर्वी क्षेत्र में सबसे अधिक वर्षा हुई है। बायसी प्रखंड में 125 एमएम तो अमौर में 73.4 एमएम वर्षा रिकार्ड की गई है। अच्छी वर्षा से जहां रबी फसल को संजीवनी मिली है वहीं तापमान में गिरावट आने से लोगों को तपती गर्मी से राहत मिली है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान में कहा गया है कि दो-तीन दिनों तक अच्छी वर्षा की होने की उम्मीद है। इसलिए इस क्षेत्र के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।


बदले मौसम के रूख ने सूखे की संकट ओर बढ़ रहे किसानों और गर्मी से झुलस रहे लोगों को बड़ी राहत मिली है। पिछले दो दिनों से हो रही वर्षा के बाद धीरे-धीरे मानसून रफ्तार पकड़ रहा है। शनिवार दोपहर से शुरू हुआ बारिश का सिलसिला रविवार को दोपहर बाद तक जारी रहा। जबकि रविवार को सुबह से ही हुई वर्षा ने मौसम को सुहाना बना दिया। वर्षा के कारण रविवार को अधिकतम तापमान 6.5 डिग्री नीचे लुढ़क कर 30 डिग्री पहुंच गया वहीं न्यूनतम तापमान 25.7 डिग्री दर्ज किया गया। वही मौसम विभाग ने मंगलवार से जिले में तेज बारिश की संभावना जताई है। 26 से 28 जुलाई तक जिले के कई क्षेत्रों में भारी बारिश होने की संभावना बनी हुई है। पिछले दो दिनों से हो रही बारिश के कारण से सबसे ज्यादा राहत किसानों को मिली है। महंगी डीजल से धान खेतों में पटवन कर रहे किसानों को इससे छुटकारा मिला है जिससे उन्हें आर्थिक बचत होगी।
मौसम केंद्र के विज्ञानी नवजीत कुमार ने बताया कि मानसून पूरी तरह से एक्टिव हो चुका है। जिसका असर सीमांचल में दिखने लगा है। पिछले 24घंटे के दौरान जिले के पूर्वी इलाके में अच्छी वर्षा हुई है। उन्होंने बताया कि मौसम विभाग के द्वारा इस क्षेत्र के लिए फिलहाल 28 जुलाई तक के लिए येलो अलर्ट जारी किया हुआ है। इस दौरान बारिश की संभावना बनी हुई है।

अन्य समाचार