बाबा का दरबार दूर है, जाना जरूर है से गुंजायमान हुआ अगुवानी गंगा तट

संवाद सूत्र, परबत्ता (खगड़िया) : सावन की दूसरी सोमवारी को लेकर रविवार को बड़ी संख्या में कांवरिया प्रसिद्ध अगुवानी गंगा घाट पहुंचे। यहां से कांवरिये सुल्तानगंज को रवाना हुए। वहां से वे जल भरकर बाबा वैद्यनाथधाम को रवाना होंगे। जबकि बड़ी संख्या में अगुवानी गंगा घाट से जल भरकर कांवरिये बाबा फुलेश्वरस्थान, तिलहेश्वरस्थान, सिंहेश्वरस्थान, मड़वा महादेव को जल अर्पित करने को लेकर रवाना हुए।

परबत्ता बाजार से अगुवानी घाट तक गेरुआ रंग से रंगा नजर आया। रह-रहकर बाबा का दरबार दूर है, जाना जरूर है, के जयघोष से वातावरण गुंजायमान होता रहा।

रविवार की दोपहर से ही कांवरिये यहां पहुंचने लगे है। लेकिन दूसरी सोमवारी को लेकर व्यवस्था के नाम पर खानापूर्ति ही दिखी। सीपीएम के अंचल मंत्री नवीन चौधरी ने कहा कि अगुवानी स्टैंड पर वर्षा के कारण बीते दिनों से कीचड़ और जल जमाव है। इसे परबत्ता प्रशासन दूर नहीं कर सका। सियादतपुर अगुवानी पंचायत के मुखिया स्मृति कुमारी ने कहा कि सोमवार की सुबह तक 30 से 40 हजार के करीब कांवरियों के पहुंचने की उम्मीद है। परबत्ता सीओ अंशु प्रसून, बीडीओ अखिलेश कुमार, थाना अध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार पाल ने अगुवानी गंगा घाट का रविवार को जायजा लिया। अधिकारियों ने बताया कि गंगा घाट पर एसडीआरएफ की टीम नियुक्त की गई है। गोताखोरों की व्यवस्था भी है। मजिस्ट्रेट और पुलिस बल की तैनाती की गई है। छोटी नाव के परिचालन पर रोक है। ओवरलोडिग पर नजर रखी जा रही है। नदी में बेरिकेडिग की गई है। कांवरियों को असुविधा नहीं हो इसका ख्याल रखा जा रहा है। पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है।

अन्य समाचार