व्यापार मंडल की हुई पहली बैठक

संवाद सूत्र सरयगढ़ (सुपौल): प्रखंड कार्यालय परिसर स्थित सभा भवन में सरायगढ़ भपटियाही व्यापार मंडल की पहली बैठक आयोजित की गई। व्यापार मंडल अध्यक्ष तथा सदस्यों के चुनाव के बाद हुई पहली बैठक में नवनिर्वाचित सभी सदस्य मौजूद थे।

व्यापार मंडल के नए अध्यक्ष बिजेंद्र प्रसाद यादव की अध्यक्षता में की गई बैठक में प्रखंड सहकारिता पदाधिकारी मयंक मधुकर, निर्वाचित सदस्य प्रदीप कुमार झा, महादेव प्रसाद यादव, वीरेंद्र मंडल, बाबू नंद यादव, बैधनाथ यादव और पुष्पा कुमारी शामिल थे। बैठक में प्रखंड सहकारिता पदाधिकारी ने कहा कि अध्यक्ष सहित सात सदस्य व्यापार मंडल कार्यकारिणी समिति आज से अस्तित्व में आ गया है। उन्होंने कहा कि पिछले 10 वर्ष से व्यापार मंडल का सारा काम रुका पड़ा था। अब जबकि व्यापार मंडल के नए अध्यक्ष और सदस्य निर्वाचित होकर विधिवत काम संभाल लिए हैं तो लोगों का अधिक से अधिक काम होगा। बैठक में उपस्थित सदस्यों ने कार्यालय के साथ-साथ गोदाम निर्माण कराने का प्रस्ताव रखा। सदस्यों का कहना था कि प्रखंड कार्यालय या उसके अगल-बगल व्यापार मंडल का गोदाम और कार्यालय होने से पूरे प्रखंड क्षेत्र के लोगों को सुविधा मिलेगी। बैठक में उपस्थित विभिन्न पंचायत के पैक्स अध्यक्षों का कहना था कि उन सबों को खाद बेचने का लाइसेंस अभी तक प्राप्त नहीं हुआ है। लाइसेंस नहीं मिलने के कारण किसानों को खाद नहीं दी जा रही और सैकड़ों किसान आज की तारीख में परेशान हैं। पैक्स अध्यक्ष तथा व्यापार मंडल कार्यकारिणी सदस्य वीरेंद्र मंडल ने कहा कि उन सबों के द्वारा खाद के लाइसेंस हेतु सारा कागजात जमा कर दिया गया है। शाहपुर पृथ्वीपट्टी पैक्स अध्यक्ष अवधेश प्रसाद सिंह, ढोली पैक्स अध्यक्ष राम कमार सिंह ने भी पहली बैठक में किसानों को सुविधा प्रदान करने के लिए सभी पैक्स को लाइसेंस दिलाने का अनुरोध किया।

बैठक के अंत में नवनिर्वाचित पैक्स अध्यक्ष बिजेंद्र प्रसाद यादव ने कहा की नवगठित कार्यकारिणी के साथ वह पूरे प्रखंड क्षेत्र के किसानों के लिए काम करेंगे। उन्होंने अपनी जीत का श्रेय पैक्स अध्यक्षों को दिया । अध्यक्ष ने कहा कि जिस उम्मीद के साथ उन्हें व्यापार मंडल का अध्यक्ष बनाया गया है उस पर वह पूरी तरह से खरा उतरने का काम करेंगे। उन्होंने सभी पैक्स अध्यक्ष से किसानों के हित में किए जाने वाले कार्यों में सहयोग करने का अनुरोध किया।

अन्य समाचार