उदाकिशुनगंज जेल में बंद विचाराधीन कैदी की मौत, हंगामा

संवाद सूत्र, उदाकिशुनगंज (मधेपुरा) : उदाकिशुनगंज मंडल उपकारा में बंद विचाराधीन बंदी साजन मंडल की रविवार की रात मौत हो गई। वह कुछ महीने से बीमार था। उसे फेफड़े की बीमारी की शिकायत थी। बंदी की मौत पर साथी बंदियों में नाराजगी है। सूत्रों के मुताबिक बंदियों ने जेल के अंदर हंगामा किया। जेल प्रशासन ने हंगामे की बात से इन्कार किया है।

जेल उपाधीक्षक सुनील कुमार ने बताया कि किसी तरह की घटना पर हल्की फुल्की कुछ न कुछ बात होती है। बावजूद स्थिति पूरी तरह सामान्य है। सूचना पर स्वजन व गांव वाले भी जेल परिसर पहुंचे थे। स्वजन और गांव वालों ने जेल प्रशासन पर बंदी के इलाज में लापरवाही का आरोप लगाया, जबकि जेल प्रशासन का कहना है कि जिस बंदी की मौत हुई है। उसका नियमित रूप से उदाकिशुनगंज व मधेपुरा अस्पताल में इलाज कराया जा रहा था। वह फेफड़े की बीमारी से ग्रसित था।

जानकारी के अनुसार, ग्वालपाड़ा थाना क्षेत्र के बिसबारी के वार्ड संख्या 12 के रहने वाले साजन मंडल चर्चित अपराधी था। उसने गांव के ही दो लोगों की हत्या की थी। उसने बिसवारी गांव के रामचंद्र कामती व श्यामलाल की हत्या वर्ष 2020 व वर्ष 2021 में की थी। हत्या के मामले में वह आठ अगस्त 2021 को गिरफ्तार कर जेल आया था। बताया जाता है कि कुछ दिनों से वह बीमार था।
जेल उपाधीक्षक ने बताया कि रविवार की रात बंदी की हालत गड़बड़ होने की जानकारी मिली। जेल अस्पताल के कंपाउंडर के साथ वह खुद भी देखने गए। फिर बीमार बंदी को उदाकिशुनगंज पीएचसी भेजा गया। रास्ते में ही दम तोड़ दिया। डाक्टर ने बंदी की मौत की पुष्टि की। उसके बाद स्वजन को खबर दी गई तब स्वजन पहुंचे। स्वजन ने जेल प्रशासन पर बंदी के इलाज में लापरवाही का आरोप लगाया है।

अन्य समाचार