यह खगड़िया इंडोर स्टेडियम हैं, अंधेरे में अभ्यास करते हैं खिलाड़ी

जागरण संवाददाता, खगड़िया : बिना साधन सुविधा के खगड़िया के खिलाड़ी परचम लहरा रहे हैं। हाकी से लेकर फुटबाल, बैडमिटन, शतरंज हर खेल में यहां के खिलाड़ी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं। जिले में स्टेडियम का अभाव है। जिला मुख्यालय में आउटडोर खेल के लिए एक मात्र जेएनकेटी स्टेडियम है। यहां जब-जब राजनीतिक कार्यक्रम होते हैं, तो स्टेडियम की दुर्दशा हो जाती है। चित्रगुप्तनगर स्थित इंडोर स्टेडियम भी भगवान भरोसे है। खगड़िया हाकी के सचिव विकास कुमार कहते हैं- सरकारी स्तर पर विद्यालयों और महाविद्यालयों में आयोजित होने वाली अधिकांश खेल प्रतियोगिताएं कागज पर ही हो जा रही हैैं।


2011 में खिलाड़ियों को इंडोर स्टेडियम की सौगात मिली थी। लेकिन आज इसे भी मसीहा की तलाश है। यहां मुख्य रूप से बैडमिटन खेला जाता है। खिलाड़ी अपनी मेहनत से राष्ट्रीय स्तर पर नाम रौशन कर रहे हैं। यहां बैडमिटन के पांच स्टेट चैंपियनशिप हो चुके हैं। लेकिन आज खिलाड़ियों के अभ्यास के लिए पर्याप्त रोशनी तक की व्यवस्था नहीं है। स्टेडियम में कुल 32 स्ट्रीट लाइट लगाए गए हैं। जिनमें सीलिग में लगे 16 लाइट तो पहले से ही खराब थे। जिसके बाद नगर परिषद के द्वारा 16 लाइट छह महीने पूर्व लगाए गए। इन 16 लाइटों में 20 दिन पहले दो-तीन लाइट खराब हो गए। आज स्थिति यह है कि मंगलवार को मात्र एक लाइट पर खिलाड़ी बैडमिटन का अभ्यास कर रहे थे। अंधेरे में खिलाड़ियों को अभ्यास करने में दिक्कत हो रही है। आज 32 लाख का उडेन कोट पूरी तरह जर्जर है। बैडमिटन संघ के द्वारा आपस में चंदा कर इसे ठीक भी कराया गया। लेकिन फिर दोबारा दर्जनों जगह उडेन कोर्ट टूट चुका है। स्टेडियम के जर्जर हालत के बारे में कला संस्कृति एवं खेल विभाग और जिला प्रशासन को भी जानकारी दी गई है। लेकिन अब तक कोई सकारात्मक परिणाम सामने नहीं आया है। स्टेडियम का छत भी जर्जर हो चुका है। वर्षा होने पर पानी टपकता है। जिससे बचे हुए उडेन कोट भी सड़ रहा है।
बैडमिटन संघ के कार्यकारी सचिव जैनेंद्र कुमार ने बताया कि उडन कोट की मरम्मत सदस्यों ने आपस में चंदा करके कराया है। बावजूद कई जगह से फिर से टूटने लगे हैं। स्टेडियम में सबसे अधिक लाइट की समस्या है। स्टेडियम की करीब सभी लाइटें खराब हो चुकी है। खिलाड़ी अंधेरे में खेलने को विवश हैं। ईईएसएल कंपनी के द्वारा पूरे जिले में स्ट्रीट लाइट लगाए गए हैं। इंडोर स्टेडियम में खराब हुए स्ट्रीट लाइट की सूचना मिली है। नगर विकास विभाग और ईईएसएल कंपनी के रीजनल मैनेजर सहित जिला अधिकारी को पत्र लिखा गया है। चूंकि यह विभाग द्वारा ईईएसएल कंपनी के माध्यम से लगाया गया है, इसलिए संबंधित कंपनी ही स्ट्रीट लाइट लगाएगी।
रणवीर कुमार, कार्यपालक पदाधिकारी, नगर परिषद, खगड़िया

अन्य समाचार