मेहरबान हुआ मानसून, लगातार वर्षा ने किसानों के चेहरे पर लौटाई मुस्कान

जागरण संवाददाता, पूर्णिया। मानसून एक बार फिर मेहरबान हो गई है। इस सप्ताह लगातार वर्षा का क्रम जारी है। मंगलवार को भी जिले में अच्छी वर्षा हुई है। पूर्णिया मौसम केंद्र द्वारा मंगलवार को पिछले 24 घंटे में 94 एमएम वर्षा रिकार्ड की गई है।

वहीं, अच्छी वर्षा से तापमान में गिरावट आई है साथ ही किसानों के चेहरे पर खुशियां लौटी है। जबकि तापमान में एक डिग्री की गिरावट के साथ मंगलवार को अधिकतम तापमान 32. 4 डिग्री व न्यूनतम तापमान 26.8 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने अभी एक सप्ताह तक अच्छी वर्षा की संभावना जताई है तथा येलो अलर्ट जारी किया है।

मानसून का ट्रफ लाइन उत्तरी-पूर्वी भारत की तरफ शिफ्ट होने के साथ की मानसून धीरे-धीरे मेहरबान हो रहा है। मंगलवार को भी दिन में एक बार झमाझम बारिश देखने को मिली। मंगलवार को शहर में 49 . 2 मिमी की बारिश दर्ज हुई। हालांकि मौसम में उतार चढाव का क्रम जारी है। पिछले चार दिनों से हो रही लगातार बारिश के बाद किसानों ने राहत की सांस ली है। वर्षा के कारण धान की फसलों को काफी ज्यादा फायदा मिला है। जिले में बारिश के कारण से सूख रही धान की फसल को नई जीवन मिली है। वहीं पूर्णिया मौसम केंद्र के वैज्ञानिक सहायक नवजीत कुमार ने बताया कि मानसून पूरी तरह से एक्टिव हो गया है। वायुमंडल के दवाब में लगातार हो रहे उतार चढ़ाव के कारण से बादलों का आना-जाना जारी है। मंगलवार को सुबह से आसमान में बादल छाए हुए थे तथा बीच में वायुमंडल के दवाब में थोड़ी बढ़ोत्तरी होने के कारण से आसमान थोड़ी देर के लिए साफ हुआ था। लेकिन दोपहर के बाद फिर से आसमान में घने बादल छा गए और झमाझम वर्षा हुई। उन्होंने बताया कि आने वाले दिनों में बारिश की रफ्तार और ज्यादा बढ़ेगी। मौसम विभाग ने इस इलाके के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।

अन्य समाचार