साइबर कांड के आरोपित को हरियाणा पुलिस ने किया गिरफ्तार

संसू, ठाकुरगंज (किशनगंज) : हरियाणा प्रदेश के बेगढ फरीदाबाद साइबर थाने की टीम साइबर कांड के आरोपियों की तलाश में मंगलवार को ठाकुरगंज पहुंची तो नगर क्षेत्र में खलबली मच गई। ठाकुरगंज पुलिस के सहयोग से हरियाणा पुलिस की पांच सदस्यीय टीम ने नपं ठाकुरगंज के वार्ड नंबर 10 के मस्जिद मार्ग निवासी अकील अहमद को गिरफ्तार किया और हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।

पूछताछ में ठाकुरगंज इलाके में बहुत बड़े साइबर क्राइम रैकेट की बात सामने आई है। घटना नवंबर 2021 की है। जिसमें छोटेलाल नाम के युवक के बैंक खाते से सवा लाख रुपये उड़ा लिया गया था। फरीदाबाद के रहने वाले छोटेलाल ने साइबर क्राइम थाने में मामला दर्ज करवाया था। जिसके जांच की जिम्मेदारी एएसआइ दीपक कुमार को दी गई थी। टीम का नेतृत्व कर रहे सब इंस्पेक्टर सतीश कुमार व एएसआइ दीपक कुमार ने बताया कि कुछ माह पूर्व हरियाणा के बेगढ फरीदाबाद साइबर थाने में छोटे लाल द्वारा सवा लाख की ठगी करने से संबंधित साइबर क्राइम का मामला दर्ज कराया गया था। उसके बाद दिल्ली व चंडीगढ़ से मु. तंजीम रजा व मु. जुबैर को और बंगाल के मेदनीपुर से राजा घोष को साइबर टीम ने अपनी गिरफ्त में लिया था। उसके बाद पूछताछ व वैज्ञानिक अनुसंधान में पता चला कि साइबर क्राइम द्वारा उड़ाई गई राशि ठाकुरगंज के पांच बैंक खाते में राशि डाली गई है वो भोलाभिट्ठा व शहर के लोगों का है। विभिन्न शहरों से पकड़ाकर ठाकुरगंज लाए गए आरोपितों की निशानदेही व मस्जिद के समीप पकड़ाए अकीक अहमद से पुलिस की लंबी पूछताछ जारी है। हरियाणा पुलिस इस साइबर क्राइम के पूर्ण उद्भेदन के करीब है। आरोपित को पुलिस अपनी गिरफ्त में लेकर न्यायालय में रिमांड पर लेने का अनुरोध किया है। अन्य आरोपियों की तलाश साइबर टीम द्वारा जारी है। ठाकुरगंज थानाध्यक्ष मोहन कुमार ने बताया कि हरियाणा में हुए साइबर क्राइम के मामले में टीम ठाकुरगंज पहुंची थी। जिसका पूर्ण सहयोग स्थानीय पुलिस द्वारा किया गया है।
कोरोना के मिले 15 नए संक्रमित यह भी पढ़ें

अन्य समाचार