असामाजिक तत्व फ्लड फाइटिग कार्य को पहुंचा रहे नुकसान

जागरण संवाददाता, खगड़िया : बारुण में फ्लड फाइटिग कार्य के दौरान एक नई परेशानी सामने आई है। फ्लड फाइटिग कार्य में बड़ी संख्या में बांस का उपयोग किया जाता है। एक बंबू रोल में चार बांस का उपयोग होता है। लेकिन रात में शरारती तत्व नाव से आते हैं और बंबू रोल की रस्सी काटकर बांस लेकर चले जाते हैं। बीते सोमवार की रात 20 बंबू रोल शरारती तत्वों ने काट लिया। इस प्रकार 80 बांस की चोरी हुई। बाढ़ संघर्षात्मक कार्य को इससे नुकसान पहुंचा है। कटाव स्थल से रात्रि कैंप लगभग सात सौ मीटर की दूरी पर है। यहां कैंप कर रहे बाढ़ नियंत्रण प्रमंडल-दो, खगड़िया के जेई मणिकांत पटेल ने कहा कि थाना में आवेदन दिया जा रहा है। उन्होंने यहां पुलिस बल दिए जाने की मांग भी की है। ताकि फ्लड फाइटिग कार्य सुरक्षित ढंग से चलाया जा सके।



कोसी और बागमती खतरे के निशान के करीब

जासं, खगड़िया : कोसी और बागमती के जलस्तर में उतार चढ़ाव जारी है। सोमवार को जहां दोनों नदी बढ़ रही थी, वहीं मंगलवार की सुबह जिला प्रशासन और बाढ़ नियंत्रण अंचल, खगड़िया की ओर से जारी रिपोर्ट के अनुसार कोसी-बागमती घट रही है। लेकिन खतरे के निशान के आसपास है। कोसी खगड़िया के बलतारा में खतरे के निशान से 0.17 सेंटीमीटर नीचे बह रही है। जबकि बागमती संतोष स्लूस के पास खतरे के निशान से 0.13 सेंटीमीटर नीचे है। बूढ़ी गंडक राइजिग है। लेकिन खतरे के निशान से काफी नीचे है। मंगलवार को बूढ़ी गंडक खगड़िया में खतरे के निशान से 3.90 मीटर नीचे बह रही थी। जिला प्रशासन ने सभी बांध-तटबंधों को सुरक्षित बताया है।

अन्य समाचार