पार्टी को धारदार बनाने के लिए चलाया जाएगा सदस्यता अभियान

संवाद सहयोगी, किशनगंज : सूबे के चहुंमुखी विकास के लिए लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) हर संभव प्रयास कर रहा है। जिससे कि बेरोजगार युवाओं के हाथों को रोजगार मिले और समाज में रहने वाले लोगों की प्रति व्यक्ति आय में बढ़ोतरी हो। यह बातें गुरुवार को लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के प्रदेश अध्यक्ष राजु तिवारी ने सर्किट हाउस में प्रेसवार्ता के दौरान कही।

उन्होंने कहा कि लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) हमेशा से ही दलित, शोषित और वंचित सहित सभी वर्ग के लोगों के उत्थान के लिए संघर्ष करता रहा है। वर्तमान समय में जिलों का भ्रमण कर वहां की समस्याओं से अवगत होते हुए ससमय समस्याओं के समाधान करने की नीति बनाई गई है। जिले में बाढ़ और नदी कटाव प्रतिवर्ष उत्पन्न होने वाली प्राकृतिक आपदा है। इस आपदा को समाप्त करने के लिए महत्वपूर्ण स्थानों पर पुल-पुलिया बनाने सहित नदी कटाव को रोकना बहुत जरूरी है। इसके लिए जिला स्तर पर लोगों को जागरूक करते हुए धरना प्रदर्शन करने की रणनीति तैयार की गई है।

प्रदेश प्रधान महासचिव संजय पासवान ने कहा कि लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) जिला स्तर पर संगठन को धारदार बनाने में लगी है। इसके लिए जिले से लेकर पंचायत स्तर तक सदस्यता अभियान चलाया जाएगा। इस सदस्यता अभियान में युवाओं सहित सभी उम्र के कर्मठ लोगों को शामिल किया जाएगा। प्रत्येक जिले में दस हजार नए सदस्य बनाने का लक्ष्य रखा गया है। साथ ही बिहार को विशेष राज्य का दर्जा दिलाने के लिए संघर्ष शुरू किया जाएगा। पार्टी ने सर्वसम्मति से अजय साहा को जिला संयोजक बनाया गया। इस दौरान मुख्य रूप से राष्ट्रीय महासचिव मुज्जफर हसन, प्रदेश उपाध्यक्ष विभूति भूषण, सुरेन्द्र विवेक ठाकुर, सोहन लाल दास, नीरज कुमार, राजू सिंहा, एम रहमान, सुजय रंजन सिंह, राजेन्द्र पासवान और सूरज कुमार दास सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।

अन्य समाचार