बेगूसराय डीआइजी ने किया चित्रगुप्तनगर थाने का निरीक्षण

जागरण संवाददाता, खगड़िया : बेगूसराय के डीआइजी सत्यवीर सिंह ने गुरुवार को चित्रगुप्तनगर थाना का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान मुख्यालय डीएसपी रंजीत सिंह, सदर एसडीपीओ सुमित कुमार, पुलिस इंस्पेक्टर पवन कुमार सिंह, थानाध्यक्ष संजीव कुमार समेत अन्य कर्मी मौजूद थे। डीआइजी ने थाना के महत्वपूर्ण पंजियों का निरीक्षण किया। थानाध्यक्ष से पूछा गया कि पिछले छह महीने में कितने केस प्रतिवेदित हुए और कितने कांडों का निष्पादन किया गया। अब तक कितनी गिरफ्तारी हुई है। संगीन मामलों के फरारियों की गिरफ्तारी को लेकर क्या-क्या कदम उठाए गए हैं। फरारियों की गिरफ्तारी को लेकर कितने मामलों में कोर्ट से वारंट और कुर्की जब्ती वारंट निर्गत को लेकर अनुरोध पत्र दायर किया गया है। थानाध्यक्ष संजीव कुमार द्वारा जानकारी दी गई कि जनवरी से 26 जुलाई तक कुल 127 केस दर्ज किए गए। जिसमें महिला अपराध से संबंधित आधे दर्जन मामले प्रतिवेदित हुए और दो कांडों का निष्पादन किया गया। इसमें दो आरोपितों की गिरफ्तारी भी की गई। रंगदारी के दर्ज एक मामले में एक आरोपित को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया। हत्या, डकैती और लूट के मामले छह महीने के दौरान शून्य रहे। प्रतिवेदित कांडों के विरुद्ध 30 केस को निष्पादित किया गया। अब तक कुल 92 आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया। कई मामले की जांच पूरा होने के बाद भी चार्जसीट कोर्ट को नहीं समर्पित करने के मामले में डीआइजी ने कारण जानना चाहा। जिस पर अविलंब सभी प्रक्रिया अपनाने का डीआइजी द्वारा आदेश दिया गया। डीआइजी द्वारा पूछा गया कि किस पुलिस अधिकारी के पास कितने केस लंबित हैं। उसमें वारंट निर्गत कराने में किस स्तर पर लापरवाही है। अविलंब ऐसे मामलों में वारंट प्राप्त कर मजबूत कार्रवाई के निर्देश दिए गए। थानाध्यक्ष द्वारा जानकारी दी गई कि निरोधात्मक कार्रवाई के तहत अब तक 209 लोगों पर कार्रवाई की गई। डीआइजी ने बताया कि निरीक्षण में पाई गई कमियों को अविलंब दूर करने के आदेश दिए गए हैं।


अन्य समाचार