मोतिहारी में गोली लगने से पेशकार की पत्नी की मौत

मोतिहारी । शहर के राजा बाजार में बुधवार की देर रात एडीजे 6 के पेशकार की पत्नी साक्षी कुमारी की मौत गोली लगने से हो गई। गोली उसके दाहिनी कनपटी में लगी जो बाएं तरफ से निकल गई। पुलिस ने उसके कमरे से एक पिलेट बरामद की है, जबकि पिस्टल गायब है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है। पेशकार प्रशांत कुमार उर्फ बंजरगी मूल रूप से वैशाली जिला के भगवानपुर थाना के बानथु गांव के रहने वाले हैं। वह शहर के राजा बाजार स्थित अपने मकान में परिवार के साथ रहते हैं।

साक्षी के भाई राजा बाजार निवासी उत्कर्ष ने बताया कि घटना के वक्त बच्चों के साथ प्रशांत कुमार एक कमरे में सो रहे थे, जबकि पत्नी दूसरे कमरे में थी। गोली की आवाज से प्रशांत की नींद खुली। वह दूसरे कमरे में गया तो देखा कि उसकी पत्नी साक्षी कुमारी सोफे पर खून से लथपथ गिरी हुई है। तुरंत उसने ससुरालवालों को घटना की सूचना दी। उसे जख्मी हालत में आटो से छतौनी के एक निजी नर्सिग होम ले गया। जहां डेढ़ बजे उसे भर्ती किया गया। गुरुवार की अहले सुबह पांच बजे उसकी मौत इलाज के दौरान हो गई। कहा कि कल रात सोने से पहले भी दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। उनकी शादी 2013 में हुई थी। एक साल के बाद से ही दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया था। सूचना पर पहुंची नगर व छतौनी थाना की पुलिस ने जांच की। मुजफ्फरपुर से आई एफएसएल की टीम ने कमरे से खून के धब्बे व कारतूस के पिलेट को जब्त कर साथ ले गई। सदर डीएसपी अरुण कुमार गुप्ता ने बताया कि हत्या व आत्महत्या दोनों बिदुओं पर पुलिस जांच कर रही है।

अन्य समाचार