भाजपा नेता सह पैक्स अध्यक्ष की हुई हत्या के खिलाफ लोगों में आक्रोश

संवाद सूत्र, ग्वालपाड़ा(मधेपुरा)। प्रखंड क्षेत्र के शाहपुर पंचायत के पैक्स अध्यक्ष सह भाजपा नेता विपिन कुमार सिंह की शुक्रवार देर संध्या गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इसके खिलाफ आक्रोशित लोगों ने शनिवार के सुबह शव को एनएच 106 पर शाहपुर नहर के समीप रखकर जाम कर प्रदर्शन किया।

सड़क जाम से यातायात बाधित हो गया। सड़क के दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई। जाम की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष मुकेश कुमार सिंह, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सतीश कुमार, एसडीओ राजीव रंजन सिन्हा, विधायक निरंजन कुमार मेहता, अंचलाधिकारी राकेश कुमार, बीडीओ शशिभूषण सुमन ने जाम स्थल पर पहुंचकर जाम पर डटे लोगों को हत्यारे की जल्द गिरफ्तारी का आश्वासन देकर लोगों को समझा बुझाकर जाम हटवाया। जाम हटते ही पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार ने घटना स्थल जायजा लिया व ग्वालपाड़ा थाना पहुंचकर थाना अध्यक्ष से घटना की जानकारी ली।

ग्वालापड़ा से घर जाने के क्रम में मारी गोली
मालूम हो कि भाजपा नेता सह पैक्स अध्यक्ष शुक्रवार की शाम ग्वालपाड़ा बाजार से कार पर सवार होकर अपने घर शाहपुर जा रहे थे। शाहपुर टिक्कर टोला मोड़ पर पहले से घात लगाए तीन बाइक पर सवार छह अपराधियों ने कार चला रहे विपिन कुमार सिंह को चार गोली मारी। गोली लगने तत्काल ही घटना स्थल पर उनकी मौत हो गई। घटना क्षेत्र में आग की तरह फैल गई। घटना की जानकारी मिलते ही अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सतीश कुमार, ग्वालपाड़ा थाना अध्यक्ष मुकेश कुमार सिंह ने घटना स्थल पर पहुंचकर मामले की जानकारी ली। वहीं शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना क्षेत्र से दो लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है।
शव पहुंचते ही गमगीन हुआ माहौल
पैक्स अध्यक्ष सह भाजपा नेता विपिन कुमार सिंह का शव घर पहुंचते ही माहौल गमगीन हो गया। मृतक की पत्नी सिम्मी कुमारी रोते रोते बेहोश हो जाती है। मृतक की पत्नी होश में आने के बाद दोनो पुत्री स्वाति और श्वेता व एक मात्र पुत्र विक्रमादित्य की और देखकर पुन: बेहोश हो जाती है। वही टोले मुहल्ले में मातम छाया हुआ है। घटना की जानकारी मिलते ही रूपौली के पूर्व विधायक शंकर सिंह, लोजपा नेता चंदन सिंह, भाजपा नेता अरविद सिंह, मंडल अध्यक्ष रणविजय चौधरी, व्यापार मंडल अध्यक्ष रूपेश कुमार, महादेव चौधरी, मंटू यादव, कुंदन सिंह, मुखिया शैलेश कुमार सिंह, पैक्स अध्यक्ष कैलाश मेहरा, पीड़ित परिवार को सांत्वना देते हुए वरीय पदाधिकारी से अविलंब हत्यारे की गिरफ्तारी की मांग की है।

अन्य समाचार