बोलो कांवरिया बोल बम से गुंजायमान हुआ चप्पा चप्पा

जागरण संवाददाता, खगड़िया : चप्पा-चप्पा सावन में भक्तिमय हो उठा है। चारों ओर बोल बम, बोलो कांवरिया बोल बम, बाबाधाम दूर है जाना जरूर है, हर हर महादेव से गुंजायमान हो उठा है। सावन की तीसरी सोमवारी को लेकर रविवार को बड़ी संख्या में कांवरिये वैद्यनाथधाम, बाबा फुलेश्वरस्थान, तिलेहश्वर स्थान, सिंहेश्वर स्थान, मड़ाव महादेव मंदिर के लिए रवाना हुए। सावन की तीसरी सोमवार को देखते हुए स्थानीय स्तर पर भी शिवालयों की आकर्षक साज-सज्जा की गई है। शिव मंदिरों को फूलों से, बेल पत्र से सजाया गया है। रिमझिम वर्षा के बीच बड़ी संख्या में रविवार की संध्या कांवरिये अगुवानी गंगा तट पर पहुंचे। यहां से कांवरिये नाव के सहारे सुल्तानगंज पहुंचे। वहां से जल भरकर वैद्यनाथधाम को रवाना हुए। जबकि बड़ी संख्या में कांवरिये अगुवानी गंगा घाट से जल भरकर फुलेश्वरस्थान, तिलेहश्वरस्थान आदि को रवाना हुए। महेशखूंट-अगुवानी पथ पर रविवार की शाम से देर रात तक कांवरियों का जत्था बोलबम के जयकारे लगाते हुए गुजरते दिखे। कांवरियों के सेवार्थ जगह-जगह सेवा शिविर लगाए गए थे।


इधर मां कात्यायनी कांवरिया सेवा संघ, डीएवी चौक, खगड़िया के सौजन्य से कुम्हरसार- बांका में निशुल्क सेवा शिविर आरंभ किया गया है। शिविर में कांवरिया के सेवार्थ दवा, शर्बत, नींबू पानी, मसाज, मलहम, बेनडेज आदि कि व्यवस्था है।
शिविर के लिए खगड़िया से वाहन को रवाना करते हुए मां कात्यायनी कांवरिया सेवा संघ के अध्यक्ष प्रभाकर झा प्रभात, उपाध्यक्ष पप्पू कुमार ठाकुर, संयोजक संजय मंडलोई, संयुक्त सचिव नीरज कुमार, कार्य समिति सदस्य मानस कुमार, संतोष कुमार निरंजन कुमार आदि ने कहा कि भगवान महादेव देवों के देव हैं। कांवरियों की सेवा से बड़ा कोई धर्म नहीं है। यहां के भी सेवार्थी कांवरिया पथ के कुम्हरसार जाकर शिविर में अपना योगदान दे रहे हैं।

अन्य समाचार