गुप्ताधाम में एक लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने किया जलाभिषेक

गुप्ताधाम में एक लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने किया जलाभिषेक

संवाद सूत्र, चेनारी (रोहतास) : सावन की तीसरी सोमवारी पर कैमूर पहाड़ी स्थित गुप्ताधाम गुफा में बाबा गुप्तेश्वर नाथ शिवलिंग पर जलाभिषेक के लिए कांवरियों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। एक लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने भगवान गुप्तेश्वरनाथ का दर्शन पूजन कर जलाभिषेक किया।
गुप्ता धाम विकास कमेटी के सदस्यों के द्वारा कांवरियों को कतार में खड़े होकर भगवान भोलेनाथ पर जलाभिषेक कराया गया। पवित्र शिवलिंग पर जलाभिषेक करने के लिए कांवरिया रात्रि से ही मुख्य दरवाजे पर जमे हुए थे। धाम कमेटी के अध्यक्ष गोपाल सिंह खरवार के अनुसार पहले सोमवार को लगभग एक लाख कवरिया पहुंचे। सबसे अधिक भीड़ दूसरी सोमवारी पर देखने को मिली। उस दिन दो लाख से भी अधिक श्रद्धालुओं ने बाबा गुप्तेश्वर नाथ पर जलाभिषेक किया। सावन की तीसरी सोमवारी पर एक लाख से भी अधिक श्रद्धालुओं द्वारा जलाभिषेक किए जाने का अनुमान है। प्रशासन द्वारा धाम परिसर में पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने की वजह से श्रद्धालुओं को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। गुफा के अंदर आक्सीजन सिलेंडर की व्यवस्था नहीं होने से लोगों को सांस लेने में काफी परेशानी उठानी पड़ रही है। कांवरियों का कहना है कि धाम पर एक तरफ आक्सीजन की कमी है वहीं पुलिस की भी पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने से काफी परेशानी हुई। अत्यधिक भीड़ के कारण गुफा में आक्सीजन की काफी कमी है। धाम पर स्वास्थ्य शिविर की भी व्यवस्था नहीं है, जिससे जरूरत पड़ने पर ऐसे लोगों का इलाज हो सके।लोग धक्का मुक्की कर जैसे तैसे भगवान शिव को जल चढ़ा रहे हैं। पवित्र शिवलिंग पर जलाभिषेक करने के लिए कांवरिया रविवार की रात्रि से ही बाबा गुप्तेश्वर नाथ के मुख्य दरवाजे के पास पहुंच गए थे। रविवार रात एक बजे के बाद से ही भगवान शिव को जल चढ़ाने व दर्शन-पूजन के लिए भक्तों की लगी कतार देर शाम तक रही।हर-हर महादेव व बोलबम के जयघोष से कैमूर की वादी गुंजायमान होती रही। बिहार के अलावा उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल, झारखंड व मध्यप्रदेश से भी काफी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं।

अन्य समाचार