इतिहास व हिंदी विषय में पीएचडी कोसवर्क के लिए साक्षात्कार स्थगित

इतिहास व हिंदी विषय में पीएचडी कोसवर्क के लिए साक्षात्कार स्थगित

जासं, आरा : वीर कुंवर सिंह विश्वविद्यालय प्रशासन ने पीएचडी कोर्सवर्क, सत्र 2020-22 के लिए इतिहास और हिंदी विषय में साक्षात्कार को अगले आदेश तक स्थगित कर दिया। अन्य विषयों का साक्षात्कार जारी रहेगा। साक्षात्कार की प्रक्रिया गत 25 जुलाई से शुरू है और यह 13 अगस्त तक चलेगी।
छात्र कल्याण अध्यक्ष, प्रो. रणविजय कुमार ने बताया कि उपरोक्त दोनों विषयों में सफल अभ्यर्थियों का अभी तक साक्षात्कार की प्रक्रिया शुरू नहीं हुई है। क्योंकि दोनों विभागों में रिक्ति को लेकर द्वंद्व है। इसलिए अगले आदेश तक के लिए साक्षात्कार को स्थगित करने का आदेश विभाग में भेजा गया है। प्रभारी कुलपति पो. केसी सिन्हा के आदेश के बाद दोनों विषयों में साक्षात्कार शुरू किया जाएगा। इसके कारण उपरोक्त दोनों विषयों के सफल अभ्यर्थी परेशान और हतास हैं। सफल अभ्यर्थी छात्र कल्याण अध्यक्ष और विभागाध्यक्षों के दफ्तरों का चक्कर लगा रहे हैं। छात्र कल्याण अध्यक्ष, प्रो. कुमार ने बताया कि पीएचडी जांच परीक्षा के लिए वर्ष 2021 में अधिसूचना जारी की गई थी। उस समय हिंदी में छह और इतिहास विभाग में पांच रिक्ति विश्वविद्यालय को दी गई थी। ये रिक्ति पीएचडी की विज्ञप्ति जारी होने के बाद विभागाध्यक्षों ने विश्वविद्यालय को दी थी। पीएचडी जांच परीक्षा के बाद हिंदी विभाग में 26 और इतिहास विभाग में 42 सफल अभ्यर्थियों की सूची भेजी गई है। इतिहास विभागाध्यक्ष प्रो. हीरा प्रसाद सिंह का कहना है कि उन्होंने पीएचडी में नामांकन के लिए रिक्ति की सूची नहीं भेजे हैं। वे प्राचीन भारत में रिक्ति के लिए सूची भेजे हैं। जबकि प्रो. सिंह के द्वारा भेजे गए पत्र में इतिहास विभाग लिखा हुआ है।

अन्य समाचार