विधि व्यवस्था बनाए रखना जिला प्रशासन की प्राथमिकता : डीएम

संवाद सहयोगी, जमुई : जिला पदाधिकारी अवनीश कुमार सिंह ने कहा कि विधि व्यवस्था बनाए रखना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। लिहाजा इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। वे सोमवार को संवाद कक्ष में मुहर्रम के अवसर पर विधि व्यवस्था को लेकर की गई प्रशासनिक तैयारी की समीक्षा बैठक कर रहे थे। उन्होंने डीजे बजाने पर पाबंदी की व्यवस्था कायम रहने की जानकारी से अवगत कराते हुए कहा कि इसका अनुपालन हर हाल में सुनिश्चित करना है। साथ ही जुलूस में बजाते हुए पकड़े गए डीजे संचालक के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराने की जिम्मेवारी स्थानीय पदाधिकारियों के अलावा अनुमंडल पदाधिकारी तथा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी को दिया। उन्होंने प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों को भी सावधान किया और कहा कि विधि व्यवस्था की ड्यूटी से गायब अधिकारियों की खैर नहीं होगी। डीएम ने उपद्रवियों एवं हुड़दंगियों पर कड़ी नजर रखने की हिदायत देते हुए कहा कि वैसे लोगों को चिन्हित कर इसकी सूचना उच्च पदाधिकारियों को देना सुनिश्चित करें। जिला पदाधिकारी ने पूर्व के वर्षों में ताजिया जुलूस के दौरान घटित घटनाओं की समीक्षा करते हुए उसकी पुनरावृति ना हो इसके लिए संबंधित इलाके के लोगों से संवाद स्थापित करने की भी मातहत अधिकारियों को नसीहत दी। उन्होंने शांति समिति को भी विशेष रुप से सक्रिय करने पर जोर दिया। इसके अलावा प्रभावकारी फ्लैग मार्च तथा माइकिग के माध्यम से उपद्रवी तत्वों को सावधान करने की आवश्यकता पर डीएम ने बल दिया। बैठक में पुलिस अधीक्षक डा शौर्य सुमन, उप विकास आयुक्त शशि शेखर चौधरी, अपर समाहर्ता सत्येंद्र कुमार मिश्रा, अनुमंडल पदाधिकारी अभय कुमार तिवारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी डा राकेश कुमार, पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय अभिषेक कुमार सिंह सहित सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी एवं थानाध्यक्ष उपस्थित थे।


अन्य समाचार