रिमझिम वर्षा का दौर जारी, 11.4 एमएम किया गया रिकार्ड

जागरण संवाददाता, पूर्णिया। मानसून के दोबारा सक्रिय होने के बाद रिमझिम वर्षा का दौर जारी है। सोमवार को भी रूक-रूक कर वर्षा का क्रम चलता रहा। खासकर दोपहर बाद अच्छी वर्षा हुई। मौसम केंद्र पूर्णिया द्वारा सोमवार को पिछले 24 घंटे में 11.4 एमएम वर्षा रिकार्ड की गई। वर्षा की वजह से मौसम के रूख् में परिवर्तन आया तथा इससे तापमान में गिरावट आई। बुधवार को अधिकतम तापमान 32 डिग्री और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। मौसम विभाग ने वर्षा का क्रम अभी जारी रहने की संभावना जताई है। मौसम विभाग के सहायक विज्ञानी राकेश कुमार ने बताया कि पूर्वानुमान में 24 घंटे में सीमांचल और कोशी में अच्छी वर्षा होने की संभावना जताई है। इस दौरान मेघ गर्जन, लाइटनिग की भी संभावना है।


मानसून की दोबारा सक्रियता के बाद हो रही वर्षा से गर्मी से तप रहे लोगों और किसानों को राहत मिली है। पानी के अभाव में किसान खेतों में धान रोपनी नहीं कर पा रहे थे। लेकिन वर्षा की वजह से जिले में अब धान रोपनी का शत फीसद लक्ष्य हासिल हो पाया। हालांकि इस मानसून में अब तक आशा के अनुरूप वर्षा नहीं हो पाई है। अगर पिछले वर्ष के जुलाई माह का इस माह से तुलना करें तो 100 एमए से कम वर्षा इस बार हुई है। मौसम केंद्र पूर्णिया द्वारा इस जुलाई में 195 एमएम वर्षा रिकार्ड की गई जबकि पिछले साल इस माह 305 एमएम वर्षा हुई थी। लेकिन कम वर्षा के बावजूद किसानों को लाभ मिला है। धान की फसल पानी के अभाव में जहां सूख रही थी वहीं वर्षा ने उसे संजीवनी दी है। वहीं गर्मी से भी लोगों को राहत मिली है। मौसम विभाग ने आने वाले 24 घंटे में अच्छी वर्षा का अनुमान जताया है जिससे किसानों को और लाभ मिलने की उम्मीद है।

अन्य समाचार