पुलिस से बदसलूकी के आरोप में जदयू नेता आशुतोष गिरफ्तार

संसू., पीरी बाजार (लखीसराय)। पीरी बाजार थाना क्षेत्र के घोसैठ गांव में वरिष्ठ जदयू नेता सह इंटर नेशनल कालेज घोसैठ के सचिव आशुतोष कुमार को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। भूमि विवाद से जुड़े एक मामले को लेकर उत्पन्न विवाद के बाद पुलिस ने अपने साथ मारपीट करने के आरोप में उन्हें गिरफ्तार किया है।

पुलिस ने इस मामले में आशुतोष कुमार के अलावा उनके परिवार के एक और सदस्य राकेश कुमार को भी गिरफ्तार किया है। दोनों को जेल भेज दिया गया है। जानकारी के अनुसार आशुतोष कुमार का अपने ही परिवार के स्व. राजेन्द्र सिंह के पुत्र अनिल सिंह के साथ भूमि विवाद चल रहा है। पुलिस का तर्क है कि उक्त मामले की जांच करने पीएसआइ संजय कुमार सिंह गए थे। इसी दौरान आशुतोष कुमार अपने भाई संजय कुमार सिंह के साथ मिलकर गाली-गलौज, धक्का-मुक्की एवं मारपीट की। उधर आशुतोष का कहना है कि पीरी बाजार थानाध्यक्ष बालू माफिया एवं पत्थर माफिया से सांठगांठ कर अवैध पत्थर एवं बालू उत्खनन करा रहा है। इसकी शिकायत उन्होंने वरीय पुलिस पदाधिकारी से की थी। उसी को लेकर थानाध्यक्ष ने षड्यंत्र करके फंसाया है। अमूमन जमीन विवाद में थाना से सीओ आफिस तक दौड़ लगवाने वाले थानाध्यक्ष उनके मामले में अधिक दिलचस्पी सिर्फ बदले की भावना से ही दिखाई। उनके घर पर दिन में पुलिस जांच को आई थी। जबरन घर घुसने का प्रयास किया। जब विरोध किया तो साजिश रचकर रात के करीब 10 बजे उन्हें घर के अंदर से गिरफ्तार किया गया। इसके बाद अपराधी की तरह उनकी पिटाई की गई है।
पुलिस से बदसलूकी के आरोप में जदयू नेता आशुतोष गिरफ्तार यह भी पढ़ें

अन्य समाचार