कनकई की गर्भ में समाया 40 परिवारों का आशियान

संवाद सूत्र, टेढ़ागाछ (किशनगंज) : प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत मटियारी पंचायत स्थित डुमरिया गांव वार्ड नंबर पांच कनकई के कटाव में विलीन हो गया। बताते चलें कि कनकई व रेतुआ उफान पर है। घरों का कटना बदस्तूर जारी है। कटाव पीड़ित परिवारों का आशियाना कनकई की गर्भ में समा जाने के कारण लोग वैशाटोली मदरसा, डोम सड़क, स्कूलों में अस्थाई रूप से जैसे तैसे रहने को मजबूर हैं। कनकई के कटाव से अर्जुन महतो, उमेश महतो, हरीश चंद्र महतो, संजय महतो, जयप्रकाश महतो, विजेंद्र महतो, अजय महतो, शंकर महतो, कन्हैया महतो, ब्रह्मदेव महतो, राजकुमार महतो, बाबूलाल महतो, जय लाल महतो, शत्रुघ्न महतो, कल्लू महतो, वकील महतो, सूरज महतो, विनोद महतो, गोवर्धन महतो, शोभा देवी, सुशीला देवी, अतवारी महतो, जितेंद्र महतो, लालजी महतो, जीवछ महतो आदि लगभग चालीस परिवार बेघर हो गए हैं।

कमांडेट के नेतृत्व में साइकिल रैली निकाल अभियान के प्रति किया जागरूक यह भी पढ़ें
अब तक प्रशासन के तरफ से केवल चौंतीस परिवारों को हीं प्लास्टिक वितरण किया गया है। कटाव से पीड़ित परिवार प्रशासन से मुआवजा राशि, जमीन एवं इंदिरा आवास की मांग कर रहे हैं। राजस्व कर्मचारी तारिक अहमद ने बताया कि कनकई से अभी तक कुल तैंतीस परिवार विस्थापित हो चुके हैं। जिन्हें अस्थाई रूप से रहने के लिए तत्काल प्लास्टिक वितरण किया गया है और अंचलाधिकारी को इसकी सूची सुपूर्द कर दी गई है। कनकई नदी के कटाव की जद में आए डुमरिया गांव के लोग भय के साए में जीने को मजबूर हैं। वहीं पानी टंकी एवं प्राथमिक विद्यालय डुमरिया भी कनकई के कटाव के जद में आ चुका है। जिससे यहां के ग्रामीणों को बच्चों की पढ़ाई लिखाई की चिता सता रही है। यहां लोग जिला पदाधिकारी एवं आपदा विभाग से पानी टंकी, विद्यालय एवं घरों को बचाने के लिए कटावरोधी कार्य कराने की मांग कर रहे हैं। यहां के लोगों का कहना है कि विभाग के तरफ से दर्जनों घर कट जाने के बावजूद आज तक यहां कोई कटाव रोधी कार्य नहीं किया गया। जो विभाग के उदासीन रवैया को उजागर करता है।

अन्य समाचार