पैक्स अध्यक्ष हत्याकांड मामले में एसआइटी का गठन

जागरण संवाददाता, खगड़िया : खगड़िया-अलौली पथ के लचका पुल के समीप बांध चातर पंचायत के पैक्स अध्यक्ष चंदन यादव की गोली मारकर निर्मम हत्या मामले में एसपी अमितेश कुमार द्वारा एसआइटी का गठन किया गया है। दो लोगों को हिरासत में लिया गया है। पूछताछ की जा रही है। इधर पैक्स अध्यक्ष चंदन यादव के शव का पोस्टमार्टम के बाद दाह संस्कार कर दिया गया। समाचार लिखे जाने तक स्वजनों द्वारा केस दर्ज हेतु अर्जी नहीं दी गई है। एसआइटी टीम में सदर एसडीपीओ सुमित कुमार के नेतृत्व में अलौली थानाध्यक्ष परेंद्र कुमार, दारोगा संतोष कुमार, तकनीक सेल के प्रभारी, मोरकाही थानाध्यक्ष किरण कुमार को शामिल किया गया है। मालूम हो कि सोमवार की शाम बाइक से गांव जा रहे पैक्स अध्यक्ष को अपराधियों ने लचका पुल के समीप ताबड़तोड़ फायरिग कर मौत की नींद सूला दी। सूत्रों का कहना हुआ कि जिस समय अपराधियों ने घटना को अंजाम दिया उस वक्त रास्ता सुनसान था। और आसानी से घटना को अंजाम देकर अपराधी चलते बना। किसी ने उन्हें सड़क पर लहूलुहान देखकर पहचान की और उनके स्वजनों को फोन से सूचना दी। इधर घटना के बाद से अलौली क्षेत्र के लोग सहमे हुए हैं। उक्त स्थल पहले भी सुर्खियों में रहा है। कई की हत्या उक्त स्थल के आसपास हो चुकी है। आरंभिक तौर पर सीमा विवाद उत्पन्न हो गया था। अलौली और मोरकाही थाना के बीच संशय बनी रही कि किनके क्षेत्र की घटना है और किस थाना में केस दर्ज होना है। हालांकि स्पष्ट हो गया कि घटना मोरकाही थाना क्षेत्र की है। थानाध्यक्ष किरण कुमारी ने बताया कि अब तक स्वजन द्वारा अर्जी नहीं दी गई है। अर्जी आने पर केस दर्ज करने की प्रक्रिया अपनाई जाएगी।


अन्य समाचार