जलजमाव से घिरा है देवीसराय मोहल्ला, बरसात में चचरी के सहारे जाते हैं लोग

जलजमाव से घिरा है देवीसराय मोहल्ला, बरसात में चचरी के सहारे जाते हैं लोग

जागरण संवाददाता, बिहारशरीफ : नगर निगम के वार्ड 21 आज भी बुनियादी सुविधाओं से वंचित है। यहां पर न तो सड़क है और न ही जल निकासी की कोई व्यवस्था। सात हजार दो सौ की आबादी वाले इस वार्ड में देवीसराय मोहल्ले का एक चौथाई बरसात के दिनों में जल-जमाव के बीच घिरा रहता है। यहां पर रहने वाले 30 से 35 घर के लोगों को अपने घरों तक पहुंचने के लिए पहले से ही बांस का चचरी बनाकर तैयार बैठे हैं। इस वार्ड में साठोपुर से देवीसराय मोहल्ले तक जाने वाली सड़क पूरी तरह से गड्ढें तब्दील हो चुकी है। जगह-जगह जल-जमाव व कीचड़ के बीच गुजरने वाले लोगों के मुंह से बरबस आह निकल जाती है। इस वार्ड में पेयजल की भी बड़ी समस्या है। जागरण आपके द्वार कार्यक्रम के तहत टीम के सदस्य जब वार्ड में हुए विकास का फीडबैक लेने पहुंचे तो स्थानीय लोगों ने अपनी पीड़ा बयां करते हुए कहा कि बरसात तो छोड़ दे ,सालों भर यहां खेतों व घरों के आसपास जल-जमाव रहता है। पानी की निकासी नहीं होने से पूरा इलाका नरकीय बना रहता है। नगर निगम प्रशासन भुई मार्केट से पंचाने नदी तक नाले का निर्माण कर दें तो इस वार्ड का पानी सीधे पंचाने में जाकर गिरेगी, तभी जल-जमाव से निजात मिल सकती है। फोरलेन का निर्माण होने से सभी नाला गया भर : स्थानीय लोगों ने बताया कि नालंदा कालोनी व मंगलास्थान के पास फोरलेन का निर्माण होने से खुदाई में निकली मिट्टी से सभी नाले पूरी तरह से भर गए हैं। इस कारण पानी का निकलना मुश्किल हो गया है। हालात ऐसी कि इस वार्ड का कोई भी मार्ग ऐसा नहीं जहां से आप बिना कीचड़-पानी से बाहर निकल सके। कहते हैं लोग सबसे बड़ी समस्या यहां पर पानी की निकासी की है। बरसात में तो एक चौथाई आबादी को घरों से निकलना मुश्किल हो जाता है। बरसात आते ही कई लोगों ने अभी से बांस का चचरी बनाना शुरू कर दिया हैं ताकि पानी से घिरने के बाद अपने घरों तक किसी तरह पहुंच सके। श्याम सुंदरी देवी इस वार्ड की सभी मुख्य सड़कें काफी जर्जर स्थिति में है। हर जगह जल-जमाव व कीचड़ पसरा है। नगर निगम प्रशासन से यहां की जनता कई बार गुहार लगा चुकी पर हर बार सिर्फ आश्वासन ही मिला। इस पर किसी तरह का काम नहीं हुआ। प्रेमण महतो वार्ड पार्षद के प्रयास से गली-नली का काम हुआ पर जिस गति से काम होने चाहिए थे वैसा नहीं हुआ। इस वार्ड में सबसे बड़ी समस्या जल निकासी की है। इसके लिए नाले का निर्माण कराना अत्यंत आवश्यक है और यह काम नगर निगम प्रशासन के सहयोग के बिना संभव नहीं है। बहरहाल लोग किसी तरह से नरकीय जिंदगी जी रहे हैं। सत्येन्द्र कुमार कहते हैं वार्ड पार्षद इस वार्ड में जितने भी फंड मिले उससे नाली-गली का काम किया गया। लेकिन जल निकासी की समस्या के लिए नगर आयुक्त से कई बार आग्रह किया गया कि भुई बाजार से लेकर पंचाने नदी तक बड़ा नाला निर्माण की जरूरत है। इसके बिना पानी की निकासी नहीं हो सकती है। डा. सुजीत के पीछे नालंदा कालोनी में पैन खुदाई होनी है। इसके लिए निगम की ओर से पूरी तैयारी कर ली गई है। उन्होंने कहा कि 80 प्रतिशत लोगों के घरों तक नल-जल का काम हो चुका है लेकिन कनेक्शन नहीं होने से मंगलास्थान व नालंदा कालोनी में रहने वाले लोगों के घरों तक पानी नहीं पहुंच रहा है। संतोष कुमार उर्फ गुलमली, वार्ड पार्षद वार्ड 21 एक नजर में 2011 के जनगणना के अनुसार आबादी : 7900 वर्तमान की आबादी : 7288 वोटर की संख्या: 7493 सफाईकर्मी : 07 सामुदायिक भवन : 00 प्रा.वि. 01 म.वि. 00 हाईस्कूल : 00 मुख्य समस्या : पानी की निकासी व सड़कों का मरम्मत नहीं होना

अन्य समाचार