आजादी के अमृत महोत्सव पर 14 को निकलेगी तिरंगा यात्रा

संवाद सहयोगी, लखीसराय : आजादी की 75 वीं वर्षगांठ के मौके पर देशभर में अमृत महोत्सव मनाया जा रहा है। इस मौके पर लखीसराय शहर में 14 अगस्त को विशाल तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी। इसकी तैयारी को लेकर मंगलवार की रात शहर के पुरानी बाजार स्थित श्याम मंदिर प्रांगण में तिरंगा यात्रा महोत्सव समिति की बैठक हुई। इसमें विभिन्न संगठनों के लोगों ने हिस्सा लिया। बैठक की अध्यक्षता आरएसएस के पूर्व कार्यवाह राजेश कुमार गुप्ता एवं जनसंख्या नियंत्रण फाउंडेशन के राष्ट्रीय महासचिव कृष्ण मुरारी ने की। बैठक में यह निर्णय लिया गया कि देश की आजादी के 75 वर्ष पूरा होने के उपलक्ष्य में अमृत महोत्सव मनाया जा रहा है। इस महोत्सव को ऐतिहासिक बनाने के लिए लखीसराय में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी। तिरंगा यात्रा 14 अगस्त की सुबह 8:30 बजे लखीसराय के गांधी मैदान से निकलेगी। इसमें 10 हजार से अधिक लोग हाथों में तिरंगा लेकर पैदल चलेंगे। कार्यक्रम में लखीसराय के विद्यालयों के छात्र एवं छात्राओं की टीम भाग लेगी। शहर के कोचिग संस्थाओं के छात्र-छात्राएं और उनके शिक्षक शामिल होंगे। तिरंगा यात्रा में भारत माता की भव्य झांकी शामिल रहेगी। तिरंगा यात्रा का मुख्य आकर्षण 500 फीट लंबा तिरंगा झंडा होगा, जिसे 5000 तिरंगा रक्षक की टीम हाथों में थाम कर पैदल चलेगी। कार्यक्रम को लेकर पूरे शहर में लगभग 50 तोरण द्वार बनाए जाएंगे। शहर के हर घर से तिरंगा रक्षक के ऊपर पुष्प वर्षा किया जाएगा। कार्यक्रम की शुरुआत गांधी मैदान से राष्ट्रगान एवं समापन विद्यापीठ चौक पर राष्ट्रगीत से किया जाएगा। इस कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए एक कोर कमेटी के साथ कार्यकारिणी का भी गठन किया गया है। तिरंगा यात्रा महोत्सव समिति में सरोज कुमार को अध्यक्ष, वार्ड पार्षद गौतम कुमार, भूपेंद्र कुमार, रंजीत साव को उपाध्यक्ष, प्रीतम महतो को सचिव, राहुल कुमार रुद्र को सह सचिव बनाया गया है।


अन्य समाचार