नासरीगंज नगर पंचायत कार्यालय गेट पर जलजमाव

नासरीगंज नगर पंचायत कार्यालय गेट पर जलजमाव

संवाद सूत्र, नासरीगंज (रोहतास) : नगर पंचायत वार्ड संख्या पांच में ही शहर के सभी प्रमुख सरकारी कार्यालय हैं। इनमें नगर पंचायत कार्यालय, थाना परिसर, इंस्पेक्टर कार्यालय, पीएचसी, उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, काली मंदिर, उत्क्रमित मध्य विद्यालय, गांधी मैदान, सिंचाई विभाग कार्यालय समेत अन्य महत्वपूर्ण सरकार-गैरसरकारी कार्यालय शामिल हैं। हालांकि, इस इलाके में नालियों की नियमित उड़ाही नहीं होने से बरसात के दिनों में जलजमाव की समस्या नियति बन गई है। यहां तक कि नगर पंचायत कार्यालय गेट के सामने ही जलजमाव रहता है। उच्चतर माध्यमिक विद्यालय परिसर तो तालाब बन जाता है। छात्र-छात्रा उसी से गुजरते हुए विद्यालय आते जाते हैं। मंगल बाजार शहर का चर्चित बाजार है, जहां कई प्रमुख प्रतिष्ठान है। शिवम हल परिसर में सार्वजनिक दुर्गापूजा समिति का भव्य पंडाल बनता है। लेकिन, इलाके में जलनिकासी की व्यवस्था नहीं होने से लोगों को परेशानी होती है। नल का जल भी वार्डवासियों को नसीब नहीं हुआ। जलमीनार शोभा की वस्तु बनी हुई है।

कहते हैं वार्डवासी:
वार्ड में गंदगी का अंबार है। मंगलबाजार की नाली कचरे से पटी पड़ी है। पक्की नाली के निर्माण को लेकर कई बार वार्ड पार्षद, मुख्य पार्षद और ईओ को आवेदन देने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हो सका। वर्षा होने पर नाली का पानी सड़क पर बहने लगता है, जिससे राहगीरों को परेशानी होती है।
डा. हरिनारायण प्रसाद
नगर पंचायत में सफाई एनजीओ निष्क्रिय है। सफाई कर्मचारी भी लापरवाह हैं। इनपर अंकुश लगाने वाला भी कोई नहीं है। प्रत्येक माह सफाई मद में 12 लाख रुपये खर्च करने के बाद भी कूड़े का समय से उठाव नहीं हो रहा है।
विशाल आर्या
नासरीगंज को नगर पंचायत का दर्जा मिलने पर लोगों को लगा था कि नगर की व्यवस्था सुधर जाएगी, लेकिन ऐसा हुआ नहीं। हर जगह लूट खसोट है। नालियां बजबजा रही हैं। चारों तरफ गंदगी है। सफाई के नाम पर केवल खानापूर्ति की जाती है। इससे अच्छा कहीं ग्राम पंचायत ही था।
बबन कुमार सिंह
कहती हैं निवर्तमान वार्ड पार्षद
मेरे कार्यकाल के दौरान सफाई के कार्य में वार्ड में सुधार हुआ है। स्ट्रीट लाइट भी लगवाई गईं। मंगलबाजार में जहां तक नाली निर्माण का सवाल है। उसके लिए मैंने कई बार बोर्ड में प्रस्ताव लाया, लेकिन ईओ के उदासीन रवैये के कारण निर्माण कार्य अधर में रहा। जनता ने मुझे पुनः अवसर दिया तो अगली बार नाली निर्माण मेरी प्राथमिकता होगी।
सीमा देवी, निवर्तमान पार्षद

अन्य समाचार