पंचायतों में जल्द संचालित हो आरटीपीएस काउंटर : प्रधान सचिव

पंचायतों में जल्द संचालित हो आरटीपीएस काउंटर : प्रधान सचिव

संवाद सूत्र, उदवंतनगर : पंचायती राज विभाग के प्रधान सचिव राम मिहिर सिंह ने गुरुवार को उदवंतनगर प्रखंड कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। प्रधान सचिव के अचानक कार्यालय पहुंचने से अधिकारियों और कर्मियों में हड़कंप मच गया। हालांकि, इस दौरान उनका व्यवहार एक वरिष्ठ सहयोगी की तरह दिखा। प्रधान सचिव ने वहां मौजूद अधिकारियों से कबीर अंत्येष्टि योजना, कन्या विवाह योजना व आरटीपीएस काउंटर की स्थिति की जानकारी ली। साथ ही पंचायतों में आरटीपीएस काउंटर चलाने का निर्देश दिया।

प्रधान सचिव ने कहा कि पंचायतों में आरटीपीएस काउंटर खुलने से प्रखण्ड कार्यालय का अनावश्यक बोझ घटेगा तथा आम लोगों का पैसा व समय दोनों बचेगा। उन्होंने कर्मियों द्वारा किए जा रहे कार्यों की समीक्षा की। प्रधान सचिव ने कार्यों को बेहतर करने के लिए सुझाव मांगे। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी राजकुमार भी मौजूद थे। लगभग डेढ़ घंटे तक उन्होंने फाइलों को खंगाला, बीडीओ और उनके अधिनस्थ कर्मियों के कार्यशैली और कार्य करने के दौरान आने वाली परेशानियों की जानकारी ली। उन्होंने कबीर अंत्येष्टि योजना के भुगतान की धीमी रफ्तार को लेकर चिंता जताई। उन्होंने बीडीओ द्वारा तत्काल किए गए पंचायतों की जांच का फार्मेट रिपोर्ट मांगा। इस दौरान प्रधान सचिव ने अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। बताते चलें इन दिनों सरकार के प्रधान सचिव व उपसचिव स्तर के पदाधिकारी पंचायतों तक जाकर कार्यों का मूल्यांकन कर रहे हैं। मौके पर उपसमाहर्ता मनोज कुमार झा, बीडीओ अरुण सिंह, बीपीआरओ मुन्ना कुमार आदि मौजूद रहे।

अन्य समाचार