बलान नदी में अज्ञात युवक का शव उपलाता हुआ मिला

बलान नदी में अज्ञात युवक का शव उपलाता हुआ मिला

संवाद सहयोगी, तेघड़ा (बेगूसराय) : तेघड़ा थाना क्षेत्र की पिपरा दोदराज पंचायत के नोनपुर गांव के समीप बलान नदी में अलसुबह उपलाता हुआ अज्ञात युवक का शव पुलिस ने बरामद किया है। शव देखने लोगों की भीड़ जुट गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल बेगूसराय भेज दिया।
मिली जानकारी के अनुसार, शुक्रवार की सुबह जब लोग बलान नदी की तरफ गए तो पानी में उपलाता हुआ एक युवक का शव देखा। सूचना पर तेघडा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची एवं स्थानीय लोगों की मदद से शव को बाहर निकाला गया। स्थानीय पैक्स अध्यक्ष रामचरित्र महतो, सरपंच हीरालाल महतो एवं जदयू के पंचायत अध्यक्ष शंभू पंडित आदि ने बताया कि शव नग्न अवस्था में था। चेहरा एसिड से जला हुआ लग रहा था। दोनों आंख भी फोड़ी हुई थी। ऐसा लग रहा था कि युवक की बेरहमी से हत्या कर शव को नदी में फेंक दिया गया है। तेघड़ा थाना सब इंस्पेक्टर शिवदयाल सिंह ने बताया कि शव की पहचान नहीं हुई है। घटना का अनुसंधान एवं पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पूरी घटना का उद्भेदन हो सकेगा।

अन्य समाचार