अवैध वसूली पर भड़के ई-रिक्शा चालकों ने सड़क जाम कर किया हंगामा

अवैध वसूली पर भड़के ई-रिक्शा चालकों ने सड़क जाम कर किया हंगामा

जागरण संवाददाता, बेगूसराय : शहर में जगह-जगह ई रिक्शा चालकों से हो रही अवैध वसूली से भड़के ई रिक्शा चालकों ने शनिवार को नगर निगम के मुख्य द्वार पर आक्रोश पूर्ण प्रदर्शन किया। वहीं नगर निगम चौक व काली स्थान पर चार घंटे आवागमन बाधित कर नगर निगम प्रशासन के विरोध में नारेबाजी की। कालीस्थान व नगरनिगम चौक जैसे व्यस्ततम सड़क पर चार घंटे आवागमन बाधित रहने से जहां आम राहगीरों को फजीहत झेलनी पड़ी, वहीं बच्चों को वापस घर ले जा रही स्कूल बस भी घंटों जाम में फंसी रही। ई रिक्शा चालकों के प्रतिनिधिमंडल ने उपनगर आयुक्त अजय कुमार से वार्ता कर शहर में अवैध वसूली को लेकर चिन्हित जगहों की जानकारी देते हुए बैरियर वसूली की जगह मासिक शुल्क जमा किए जाने का प्रविधान करने की मांग की।

प्रतिनिधि वार्ता में नहीं बनी बात :
सड़क जाम की सूचना पर पहुंचे नगर थानाध्यक्ष रामनिवास के समक्ष भी ई रिक्शा चालक संघ के प्रतिनिधियों ने अवैध वसूली के लिए बने अवैध प्वाइंट की जानकारी देते हुए संवेदक के माध्यम से वसूली बंद करने की मांग की। ई रिक्शा चालक नगर निगम काउंटर पर शुल्क जमा कराने को तैयार दिखे लेकिन इस संबंध में नगर विकास विभाग व राज्य सरकार में प्रविधान नहीं होने के कारण बात नहीं बनी। ई रिक्शा चालक संघ के प्रतिनिधि रंजीत कुमार व अजीत कुमार ने ई रिक्शा चालकों से अवैध वसूली का विरोध करने व ई रिक्शा नहीं चलाने की अपील रिक्शा चालकों से की है। वार्ता में बात नहीं बनने पर आंदोलित ई रिक्शा चालक नगर निगम से प्रशासन विरोधी नारेबाजी करते हुए लौट गए।
अवैध वसूली करने वाले जाएंगे जेल :
इधर शहर में जगह-जगह हो रही अवैध वसूली को लेकर नगर निगम प्रशासन भी सख्ती के मूड में है। उपनगर आयुक्त अजय कुमार ने बताया कि ई रिक्शा चालकों ने खातोपुर, पन्हास, बाघी, सुभाष चौक समेत अन्य जगहों पर अवैध वसूली की शिकायत की है। नगर निगम के बस पड़ाव के संवेदक निलेश कुमार व छोटी वाहन पड़ाव के संवेदक प्रेम प्रकाश को अनाधिकृत जगहों पर ई रिक्शा चालकों से वसूली नहीं करने का निर्देश दिया गया है। अवैध वसूली करने की शिकायत मिलने पर निविदा रद की जाएगी। वहीं अवैध वसूली करने वालों पर कार्रवाई के लिए डीएम, एसपी व एसडीओ को पत्र की प्रतिलिपि भेजी गई है।
चेक प्वाइंट की आड़ में होती है अवैध वसूली :
नगर निगम के संवेदकों ने नगर निगम की स्थाई सशक्त समिति की सहमति से बस पड़ाव के अतिरिक्त चार जगहों को चेक प्वाइंट बना रखा है। खातोपुर सुभाष चौक, बाधी व पन्हास चेक प्वाइंट बने हैं। इन जगहों पर बस पड़ाव से निकलने वाले वाहनों के बैरियर भुगतान की पुष्टि करना है लेकिन इसकी आड़ में गरीब ई रिक्शा चालकों से जबरन रुपया वसूला जा रहा है। जानकार बताते हैं कि नगर निगम के संवदेक की शह पर कुछ आपराधिक तत्व भी अवैध वसूली कर रहे हैं। रोजाना करीब 50 हजार से अधिक की अवैध वसूली किए जाने का अनुमान है।

अन्य समाचार