रौटा में दो पक्षों में पथराव, बल प्रयोग के बाद नियंत्रण में स्थिति

संवाद सूत्र, बैसा, पूर्णिया। रौटा थाना क्षेत्र के शीशाबाड़ी करबला हाट में मंगलवार की शाम मोहर्रम पर किए जा रहे करतब के दौरान एक घर के आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त होने पर दो पक्षों में गहरा विवाद हो गया। बात मारपीट से लेकर पत्थरबाजी तक पहुंच गई। स्थिति बिगड़ती देख पुलिस को बल प्रयोग करना पड़ा। घटनास्थल पर काफी संख्या में पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है। देर रात तक तनाव कायम था।

जानकारी के अनुसार हाट के समीप करबला की जमीन का पर्चा कुछ महादलित परिवारों को मिला हुआ है। इसको लेकर पूर्व से विवाद भी चल रहा है और प्रशासनिक स्तर से इसकी नापी भी कराई गई थी, लेकिन विवाद समाप्त नहीं हो पाया। इधर देर शाम वहां विभिन्न अखाड़ों से जुलूस पहुंचा था। इसमें एक जुलूस में शामिल युवाओं द्वारा करतब दिखाया जा रहा था और इससे वहां मौजूद एक घर की दीवार क्षतिग्रस्त हो गई। पीड़ित पक्षों का कहना था कि जान बुझकर ऐसा किया गया। इसी बात पर दोनों पक्षों में विवाद शुरू हो गया और पत्थरबाजी होने लगी। इससे पूरे परिक्षेत्र में तनाव की स्थिति बन गई। सूचना मिलते ही रौटा सहित कई अन्य थानों की पुलिस वहां पहुंची और स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस को बल प्रयोग करना पड़ा। पुलिस बल प्रयोग के बाद दोनों पक्षों के लोग वहां से हट गए। प्रशासनिक स्तर से फिलहाल स्थिति नियंत्रण में बताया जा रहा है। पुलिस व प्रशासन के वरीय अधिकारी भी घटनास्थल के लिए रवाना हो गए हैं। इस संबंध में रौटा थानाध्यक्ष के साथ-साथ पुलिस अधीक्षक से बात करने की कोशिश विफल रही।

अन्य समाचार