यहां दो शिफ्टों में चल रहा स्कूल

अमित झा, जागरण संवाददाता, खगड़िया : फरकिया कहे जाने वाले खगड़िया हर क्षेत्र में 'फरक' है। यहां शिक्षा-व्यवस्था नहीं सुधरती है तो शेड्यूल ही बदल दिया जाता है। जिले में दो विद्यालय ऐसे हैं, जो सुबह सात बजे से शाम चार बजे तक संचालित किए जा रहे हैं। वर्ग के अनुसार यहां दो शिफ्ट में विद्यालय संचालित होता है। यह हाल गोगरी प्रखंड के उच्च माध्यमिक विद्यालय गोगरी, ब्राह्मण टोला और मानसी के उच्च माध्यमिक विद्यालय पूर्व ठाठा का है। दोनों विद्यालय मध्य विद्यालय से उत्क्रमित होकर उच्च माध्यमिक विद्यालय में परिणत किए गए हैं। यहां सुबह सात बजे से 11 बजे तक वर्ग एक से आठ तक के बच्चों का वर्ग संचालन होता है। उसके बाद बच्चों के साथ मध्य विद्यालय स्तर के शिक्षक को भी छुट्टी दे दी जाती है। वहीं 12 से चार बजे तक वर्ग नौ व 10 के बच्चों के वर्ग का संचालन होता है। प्रधानाध्यापक को अतिरिक्त भार पड़ रहा है। ऐसा भवन अभाव के कारण हो रहा है। इस विद्यालय को मध्य विद्यालय से उच्च विद्यालय बना दिया गया।



तीन कमरे और विद्यार्थियों की संख्या 842

उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय, गोगरी ब्राह्मण टोला में तो प्राथमिक विद्यालय स्तर तक के लिए भवन नहीं है। यहां मात्र तीन कमरे हैं और वर्ग एक से 10 तक का संचालन होता है। एक छोटे कमरे में कार्यालय और स्टोर रूम है। स्थिति का सहज अंदाजा लगा सकते हैं। शिफ्ट में विद्यालय संचालन विवशता है। वर्ग एक से आठ तक में यहां कुल 675 बच्चे नामांकित हैं। उपस्थिति भी अच्छी रहती है। वर्ग छह, सात और आठ के बच्चे वर्ग कक्ष में पढ़ते हैं। वर्ग एक से पांच तक के बच्चों को एक साथ बरामदे पर पढ़ाया जाता है। वर्ग नवम में 91 और वर्ग दशम में 76 विद्यार्थी हैं। इन्हें पढ़ाने के लिए मात्र दो शिक्षक हैं। जो प्रतिनियोजन पर हैं। कुछ ऐसा ही हाल उच्च माध्यमिक विद्यालय पूर्वी ठाठा का है। डीपीओ के अनुसार हर पंचायत में उच्च विद्यालय खोले जाने के कारण उक्त विद्यालय को उत्क्रमित किया गया। जहां वर्ग कक्ष का अभाव है।

मात्र तीन कमरे हैं। वर्ग कक्ष की कमी के कारण यहां वरीय अधिकारी के निर्देश पर सुबह सात से चार बजे तक दो शिफ्ट में विद्यालय का संचालन किया जा रहा है। जिससे परेशानी बढ़ी है। उच्च विद्यालय के लिए भवन नहीं है। ग्रामीणों के प्रयास से दो कट्ठा जमीन विद्यालय को उपलब्ध हो सका है।
सिया मोची, प्रधानाध्यापक, उच्च माध्यमिक विद्यालय, गोगरी ब्राह्मण टोला
दो शिफ्ट में विद्यालय संचालन किया जा रहा है, यह संज्ञान में नहीं है। डीपीओ से जानकारी लेंगे। हर पंचायत में उच्च विद्यालय खोले जाने के कारण ऐसे विद्यालय को उत्क्रमित किया गया हो, जहां वर्ग कक्ष का अभाव है। हो सकता है, इसे लेकर शिफ्ट में वर्ग संचालन किया जा रहा हो। भवन की कमी दूर करने को लेकर प्रयास किया जा रहा है।
कृष्ण मोहन ठाकुर, जिला शिक्षा पदाधिकारी, खगड़िया

अन्य समाचार