आजादी का अमृत महोत्सव वर्तमान पीढ़ी को देगा देश के लिए जीने व मरने की प्रेरणा

मोतिहारी। गोविदगंज विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत मटियरवा चौक से अरेराज पर्यटक भवन तक गुरुवार को आजादी की 75वीं वर्षगांठ पर अमृत महोत्सव के तहत तिरंगा यात्रा निकाली गई। तिरंगा यात्रा का नेतृत्व सांसद सह पूर्व केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री राधामोहन सिंह कर रहे थे। तिरंगा यात्रा में शामिल कार्यकर्ताओं व आम लोगों को संबोधित करते हुए सांसद ने कहा कि पूरा देश एक नए आत्मविश्वास एवं संकल्प के साथ आजादी का अमृत महोत्सव मना रहा है। यह एक ऐसा गौरवशाली अवसर है, जब वर्तमान पीढ़ी को आ•ादी के 75वें वर्ष का साक्षात्कार करने का सौभाग्य मिला है। एक लंबे कालखंड तक आजादी के लिए चले निरंतर संघर्षों, अनगिनत बलिदानों एवं कोटि-कोटि जन के त्याग एवं तपस्या से प्राप्त हुए आजादी का 75वां वर्ष एक अमृत के रूप में देश को प्राप्त हुआ है। उन्होंने कहा कि यह अवसर गुलामी की सदियों की वेदना, आजादी के लिए सर्वस्व न्यौछावर करने वाले, मातृभूमि पर मर मिटने वाले और आजादी का अलख जलाने वाले सेनानियों के चरणों में अपने श्रद्धा सुमन अर्पित करने का है। सांसद सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश आजादी का अमृत महोत्सव मना रहा है। आजादी के 75 साल का यह अवसर वर्तमान पीढ़ी को अमृत की तरह प्राप्त होगा। एक ऐसा अमृत जो हमें प्रति पल देश के लिए जीने, कुछ करने के लिए प्रेरित करेगा। अमृत महोत्सव 15 अगस्त 2023 तक चलेगा। वहीं, विधायक सुनील मणि तिवारी ने कहा कि तिरंगा यात्रा में कार्यकर्ताओं के साथ-साथ ग्रामीण जनता का उत्साह भी देखने को मिला। तिरंगा यात्रा में संजय कुमार पांडेय, जयप्रकाश मिश्र, विवेकानंद पांडेय, अनिल कुमार राय, अरविद कुमार गुप्ता सहित अन्य कार्यकर्ता शामिल थे।


पहाड़पुर : हर घर तिरंगा अभियान को सफल बनाने के लिए भाजपा विधायक सुनील मणि तिवारी के नेतृत्व में प्रखंड के मटियरवा चौक से तिरंगा यात्रा निकाली गई। यह यात्रा अरेराज सोमेश्वर धाम जाकर समाप्त हुई। इस दौरान बड़ी संख्या में बाइक सवार भाजपा कार्यकर्ताओं ने हाथ में तिरंगा लेकर भारत माता की जय के नारा बुलंद करते चल रहे थे। तिरंगा यात्रा में प्रखंड अध्यक्ष अमरेंद्र कुमार ठाकुर, आनंदी प्रसाद, राजीव कुमार शुक्ला, ईश्वरचंद्र सिंह, राघवेंद्र सिंह, संतोष सिंह, अरविद तिवारी, संजय पांडेय, जयप्रकाश पांडेय आदि शामिल थे।
तुरकौलिया : अमृत महोत्सव के अवसर पर भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा तुरकौलिया में तिरंगा यात्रा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता अनुसूचित जनजाति मोर्चा के जिलाध्यक्ष दीपक कुमार शर्मा ने किया। इस अवसर पर सांसद राधामोहन सिंह भी मौजूद थे। तिरंगा यात्रा निकलने से पहले सांसद ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि यह तिरंगा कोई साधारण कपड़ा नहीं है। बल्कि यह हमारे लाखों पुरखों की शहादत का प्रतीक है। तिरंगा हम हिदुस्तानियों के लिए आन-बान और शान हैं। तिरंगा यात्रा बैरिया बाजार से चलकर महानवा बाजार तक निकाली गई। कार्यक्रम में हरसिद्धि विधायक कृष्णनंदन पासवान, अनिरुद्ध सहनी, जगजीवन पासवान, राजकिशोर सिंह, राकेश गुप्ता, देवेश सिंह, पवन राज, संजय प्रसाद साह, ब्रजेश कुशवाहा, वीरेंद्र पासवान, रामबाबू पटेल, हरेंद्र कुशवाहा, बबलू गुप्ता, रघुवंश सिंह, दीपक गुप्ता, मनोज कुशवाहा, सुरेंद्र सिंह आदि मौजूद थे।

अन्य समाचार