कंटेनर से तीन क्विंटल गांजा बरामद

मोतिहारी। पुलिस ने सिकंदरपुर-मंगलापुर मुख्य सड़क पर बुधवार की देर रात यादव टोला के समीप एक कंटेनर ट्रक में छुपाकर रखे 21 बंडल गांजा को जब्त कर लिया। जब्त गांजा का वजन तीन क्विंटल 26 किलो बताया गया है। इसकी कीमत करीब 44 लाख रुपये आंकी गई है। थाना परिसर में गुरुवार को प्रेसवार्ता के दौरान अरेराज डीएसपी रंजन कुमार ने बताया कि यह कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर की गई। इसमें थानाध्यक्ष गौतम कुमार, पुअनि सुनील कुमार, दंडाधिकारी सह सीओ सुरेश पासवान पुलिस बल के साथ यादव टोला पहुंचे और कंटेनर में रखे गाजा को जब्त किया। एक तस्कर को भी गिरफ्तार किया गया है जो थाना क्षेत्र के जलहा मियां टोला निवासी हृदया यादव उर्फ जोखू यादव है। उसे गाजा के साथ गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार तस्कर को इससे पहले वर्ष 2002 में भी डुमरियाघाट पुलिस ने गाजा तस्करी के मामले में जेल भेजा था। डीएसपी ने बताया कि गांजा व संबंधित कंटेनर को जब्त कर लिया गया है। हालांकि गाड़ी के चालक व उप चालक फरार होने में सफल रहे। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है। पकड़े गए तस्कर से पूछताछ भी की जा रही है। उसकी निशानदेही पर गांजा तस्करी में शामिल अन्य लोगों को चिन्हित करने की कोशिश की जा रही है। पुलिस यह भी जानने का प्रयास कर ही है कि गांजा की इतनी बड़ी खेप को थाना क्षेत्र में लाने में कौन तस्कर गिरोह काम कर रहा है। पुलिस द्वारा नशा के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान को लेकर यह बड़ी सफलता मानी जा रही है। फिलहाल थाना क्षेत्र में गांजा के धंधे में जुड़े लोगों में हड़कंप मचा है।


अन्य समाचार