झमाझम हुई बारिश से किसानों में खुशी, मौसम हुआ सुहाना

झमाझम हुई बारिश से किसानों में खुशी, मौसम हुआ सुहाना

जागरण संवाददाता, भभुआ: जिले में शुक्रवार को लगभग सभी प्रखंडों में हल्की बारिश हुई। कुछ प्रखंडों में झमाझम बारिश हुई। इसके चलते किसानों में खुशी देखने को मिल रही है। जबकि जिले में मौसम भी सुहाना हो गया है। इस बारिश से किसान जो धान की रोपनी बची है उसे पूरा करने में जुटे हैं। फिलहाल जिले में 80 प्रतिशत धान की रोपनी हो गई है। अब किसान धान की फसल को बचाने के लिए सिंचाई की व्यवस्था करने में लगे हैं। ऐसे में यह बारिश धान की फसल के लिए काफी फायदेमंद मानी जा रही है। बता दें कि कैमूर जिले में अगस्त माह के प्रथम सप्ताह में अच्छी बारिश नहीं हुई। दो-तीन दिन हल्की बारिश होने से धान की रोपनी भले रफ्तार पकड़ी लेकिन फिर मौसम बदल जाने से रोपनी प्रभावित होने लगी। लेकिन बीते गुरुवार व शुक्रवार को जिले में बारिश होने से धान की रोपनी लक्ष्य के करीब पहुंचने लगी है। किसानों का कहना है कि यदि इसी तरह हल्की बारिश एक-दो दिन के अंतराल पर होती रही तो धान की फसल बच जाएगी और उत्पादन भी ठीक होगा। उधर बारिश होने से आमलोगों को भी गर्मी से काफी राहत मिली है। बीते कुछ दिनों से लोग उमस भरी गर्मी से परेशान थे। तेज धूप व उमस भरी गर्मी से लोग घर में रहने के दौरान भी बेचैन हो जा रहे थे। शुक्रवार की ही सुबह तेज धूप देख कर लोग यह सोचे की अब बारिश नहीं होगी। लेकिन अचानक दोपहर के समय आसमान में बादल छा गए और बारिश शुरू हो गई। जो जिले के लगभग सभी प्रखंडों में हुई। इससे जिले के सभी प्रखंडों के किसानों में खुशी देखी जा रही है। बारिश होने से शहरी सहित ग्रामीण क्षेत्रों में कई जगहों पर जलजमाव की स्थिति उत्पन्न हो गई है। इससे लोगों को आने-जाने में परेशानी हुई।

अन्य समाचार