बाढ के मद्देनजर नदियों के जलस्तर की मानिटर लगातार करते रहना जरूरी

संवाद सहयोगी, किशनगंज : समाहरणालय परिसर स्थित सभाकक्ष में शुक्रवार को जिलाधिकारी श्रीकांत शास्त्री ने अंचलाधिकारी के कार्यों, राजस्व संग्रहण एवं आंतरिक संसाधन समिति, नीलाम पत्र वाद से संबंधित कार्यों की समीक्षा की। साथ ही सरफेसी एक्ट के तहत बैक ऋणी के संपत्ति नीलामी के निमित सभी बैंक के समन्वयक, बैंकर्स के साथ भी समीक्षा हुई।

डीएम ने आनलाइन दाखिल खारिज, भू-लगान वसूली, सेस, मांग वसूली, अभियान बसेरा, बासगीत पर्चा वितरण, एलपीसी निर्गत करने की अद्यतन स्थिति, गैर मजरूआ आम भूमि तथा गैर मजरूआ मालिक भूमि बंदोबस्ती की समीक्षा की। लोक भूमि अतिक्रमण, जल संचयन का अतिक्रमण, न्यायालय वाद, भू हदबंदी, भू-दान, सरजमीं सेवा समेत कटाव निरोधक कार्य व बाढ़ संघर्षात्मक तैयारियों आदि के बिदु पर गहन समीक्षा किए। संभावित बाढ़ की तैयारियों के मद्देनजर सभी अंचल में उपलब्ध संसाधन व उनका ससमय सही ढंग से उपयोग करने, नदियों के बढ रहे जल स्तर व कटाव की समीक्षा कर सभी सीओ को निर्देश दिया गया। कहा गया कि बाढ़ के मद्देनजर नदियों के जल स्तर को मानिटर करते रहें। इसी प्रकार वृहद परियोजनाओं के भू अर्जन यथा अररिया-गलगलिया रेल लाइन, इंडो नेपाल सड़क में अधिग्रहित होने वाली भूमि के निमित किए जाने वाले कार्यों में प्रगति संतोषजनक नहीं पाए जाने पर अंचल अधिकारी, ठाकुरगंज, दिघलबैंक और टेढ़ागाछ को संबंधित एजेंसी से समन्वय स्थापित कर कार्य निष्पादित करने का निर्देश दिया गया। वहीं राजस्व संग्रहण कार्य की समीक्षा उपरांत राजस्व वादों के त्वरित निष्पादन का निर्देश सभी अंचलाधिकारियों को दिया गया। आनलाइन दाखिल खारिज वाद सहित परीमार्जन पोर्टल पर डाटा एंट्री कार्य में प्रगति लाने का निर्देश दिया गया। लंबित म्यूटेशन को शीघ्रातिशीघ्र निष्पादित करने तथा आपरेशन अभियान बसेरा अंतर्गत पर्चा वितरण,सर्वे सूची के आधार पर भूमिहीन को जमीन बंदोबस्ती पर्चा वितरण करने हेतु अधिकाधिक प्रस्ताव तैयार करने का निर्देश सभी सीओ को दिया गया। इस दौरान मुख्य रूप से एडीएम अनुज कुमार, डीएलएओ संदीप कुमार, प्रभारी पदाधिकारी, जिला राजस्व प्रशाखा-सह-डीसीएलआर आफाक अहमद, जिला नीलाम पत्र पदाधिकारी रंजीत कुमार, सभी अंचल अधिकारी व राजस्व संग्रह करने वाले विभाग के अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।

अन्य समाचार